उत्तर प्रदेश

कलेक्शन एजेंट पर फर्जी लूट की साजिश का आरोप, मुकदमा दर्ज

Admindelhi1
20 Nov 2026 1:23 PM IST
कलेक्शन एजेंट पर फर्जी लूट की साजिश का आरोप, मुकदमा दर्ज
x
शाहजहांपुर में फर्जी लूट का खुलासा, बैग से मिले कोरे कागज

शाहजहांपुर: कंपनी के 6 लाख 49 हजार रुपये लुटने की सूचना देने वाला कलेक्शन एजेंट ही पुलिस जांच के दायरे में आ गया। शाहजहांपुर पुलिस ने छह घंटे के भीतर घटना का खुलासा करने का दावा करते हुए बताया कि कंपनी की धनराशि हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी बनाई गई थी। आरोपी अयाज मोहम्मद खान को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार के अनुसार, स्पाइस मनी कंपनी के कलेक्शन एजेंट अयाज मोहम्मद खान (42), निवासी मोहल्ला महमद हद्दफ, थाना सदर बाजार ने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे डायल-112 पर सूचना दी थी। उसने बताया कि वह कंपनी की रकम बैंक में जमा करने जा रहा था, तभी ककरा खुर्द के पास मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उससे रुपये लूट लिए।

सूचना पर पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं। घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल तथा बैंक लेनदेन की पड़ताल की। पुलिस के मुताबिक, जांच में एजेंट की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं, जिसके बाद उससे विस्तृत पूछताछ की गई।

पुलिस ने बताया कि कंपनी ने एजेंट को पहले दस लाख रुपये की ओवरड्राफ्ट सीमा दी थी। कम कारोबार के कारण इसे घटाकर पांच लाख रुपये कर दिया गया था। जांच में करीब पांच लाख रुपये का कारोबारी नुकसान और कंपनी की धनराशि जमा करने का दबाव सामने आया। पुलिस का आरोप है कि इसी स्थिति में उसने लूट की साजिश रची।

जांच के अनुसार, अयाज घर से निकलकर बैंक के बजाय कोतवाली क्षेत्र में अंकित की दुकान पर गया। इसके बाद उसने ककरा पुल के पास झाड़ियों में बैग फेंक दिया, जिसमें नकदी के स्थान पर कागज के टुकड़े रखे थे। पुलिस के मुताबिक, फिर वह सीसीटीवी कैमरों से दूर एक स्थान पर पहुंचा और लूट का शोर मचाकर डायल-112 को सूचना दी।

एसपी सिटी ने दावा किया कि पूछताछ में आरोपी ने झूठी कहानी रचने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से पिट्ठू बैग बरामद हुआ। उसमें कोरे कागज, पैड, पेन, बैंक बाउचर और रबर मिले। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

कंपनी के कलेक्शन हेड की तहरीर पर कोतवाली थाने में बीएनएस की धारा 318(4) और 316(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Next Story