उत्तर प्रदेश

मुरादाबाद में युवती के शोषण का मामला, आरोपी को भेजा जेल

Admindelhi1
18 Nov 2026 12:27 PM IST
मुरादाबाद में युवती के शोषण का मामला, आरोपी को भेजा जेल
x
कोर्ट मैरिज का भरोसा देकर घर ले जाने का आरोप, पुलिस ने की कार्रवाई

मुरादाबाद: शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने और निजी फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर शोषण करने के आरोप में मझोला पुलिस ने मंगलवार को विवेक नामक युवक को गिरफ्तार किया। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे जिला कारागार भेज दिया गया। मामले में आरोपी के पिता और भाई के खिलाफ भी शिकायत दर्ज है।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि युवती ने 15 नवंबर को विवेक, उसके पिता रामनाथ और भाई के खिलाफ केस दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, विवेक का युवती के घर आना-जाना था। आरोप है कि वर्ष 2024 में एक दिन उसके दी हुई कोल्डड्रिंक पीने के बाद युवती बेसुध हो गई। इसी दौरान विवेक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल से फोटो-वीडियो बना लिए।

युवती के मुताबिक, होश आने पर उसने विरोध किया तो आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया। बाद में वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण करने लगा। शिकायत में 4 नवंबर 2026 को भी आरोपी द्वारा अपने कमरे पर बुलाकर दुष्कर्म करने और इसके बाद शादी से इनकार करने का आरोप लगाया गया है।

पीड़िता ने बताया कि पुलिस से शिकायत करने के बाद 8 नवंबर को विवेक, उसके पिता और भाई कोर्ट मैरिज कराने का भरोसा देकर उसे अपने घर ले गए। आरोप है कि वहां दो रात रखने के दौरान भी विवेक ने उसका शोषण किया।

शिकायत के अनुसार, 10 नवंबर को शादी की बात करने पर तीनों ने जान से मारने की धमकी दी और जबरन समझौते पर हस्ताक्षर करा लिए। युवती ने मारपीट कर घर से निकाले जाने का भी आरोप लगाया है। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया।

पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मझोला थाना प्रभारी मनीष सक्सेना और उपनिरीक्षक शिवम पंवार की टीम ने मंगलवार को विवेक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Next Story