उत्तर प्रदेश

पुलिस मुठभेड़ में बागपत का एक बदमाश गिरफ्तार

Admindelhi1
4 Nov 2026 1:17 PM IST
पुलिस मुठभेड़ में बागपत का एक बदमाश गिरफ्तार
x
बागपत में पुलिस की जवाबी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की थाना बड़ौत पुलिस और वांछित बदमाश के बीच मंगलवार को हुई मुठभेड़ में अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल अपराधी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है।

झगड़े के दौरान तमंचे से फायरिंग करने वाले अपराधी की धरपकड़ के लिए तीन नवंबर देर रात को थाना बड़ौत पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और वांछितों की तलाश कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 758/26 में वांछित एक अभियुक्त जंगल ग्राम लुहारी में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अपराधी घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत उसे कब्जे में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मैनपाल पुत्र आजाद निवासी ग्राम खेड़ा इस्लामपुर, थाना बड़ौत, जनपद बागपत के रूप में हुई है।

यह पूरा मामला 31 अक्टूबर 2026 का है। ग्राम हटाना निवासी तेजू पुत्र हुक्मी ने थाना बड़ौत में तहरीर दी थी कि खेड़ा इस्लामपुर के दिनेश उर्फ छोटू, मैनपाल, बंटी, टिंकू, अमित, आजाद, बली, राजू, राजन, अंकित, मनु, राजीव उर्फ काला, चरना सहित 13 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की। मारपीट में बिहारी, बिल्लू, सोनू समेत कुल 7 लोग घायल हुए थे, जिनमें दो महिलाएं और एक युवती भी शामिल थीं। आरोप है कि अभियुक्तों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसमें राजकुमार उर्फ काला, हरवीर और विक्रम को गोली लगी थी। इस मामले में थाना बड़ौत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इससे पहले 1 नवंबर को पुलिस ने इसी मुकदमे में दिनेश उर्फ छोटू और मनवीर उर्फ मन्नू को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था, जबकि आजाद, राजन और राजीव उर्फ काला को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिश दे रही है।

Next Story