उत्तर प्रदेश

7 साल का प्यार, प्रेमी की दूसरी शादी की खबर... प्रेमिका ने किया ऐसा काम कि मच गया हंगामा

jantaserishta.com
23 Nov 2026 8:18 AM IST
7 साल का प्यार, प्रेमी की दूसरी शादी की खबर... प्रेमिका ने किया ऐसा काम कि मच गया हंगामा
x
पढ़ें पूरी स्टोरी.
शामली: यूपी के शामली में रहने वाले प्रेमी की शादी कहीं और तय होने की खबर लगने पर देहरादून की युवती ने अनोखा कदम उठा लिया। बीएससी की पढ़ाई कर रही युवती अपनी मां, बहन समेत अन्य परिजनों को साथ लिया और कांधला कस्बे के एलम गांव में रहने वाले प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंच गई। युवती और उसके परिजनों के हाथों में एक बैनर भी था, जिस पर ‘दुल्हन लेकर आई बरात’ लिखा हुआ था।
अचानक इस तरह बरात पहुंचने से युवक के परिवार में खलबली मच गई। ढोल-नगाड़ों की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझााने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। लड़के पक्ष का आरोप है कि लड़की ने पहले भी मुकदमा दर्ज कराया था अब शादी में विघ्न डालने का प्रयास कर रही है। जबकि लड़की पक्ष प्रेम प्रसंग में धोखे का आरोप लगा रहा था।
कमाल की बात तो यह है कि इतने बवाल के बाद भी युवक और उसके परिजन चुपके से पहले तय शादी करने के लिए दिल्ली भी रवाना हो गए। युवती ने हार नहीं मानी और किसी तरह दिल्ली भी पहुंच गई। वहां जब लड़की वालों को पूरे मामले का पता चला तो हंगामा मच गया। उन लोगों ने भी शादी से इनकार कर दिया और खर्च वसूलने के लिए बारात को बंधक बना लिया। पूरा घटनाक्रम तीन दिनों तक चलता रहा। अंततः प्रेमी की शादी रुकवा कर ही प्रेमिका मानी।
एलम निवासी एक युवक मर्चेंट नेवी में नौकरी करता है। देहरादून निवासी युवती का दावा है कि युवक के साथ उसका पिछले करीब सात वर्षों से प्रेम संबंध है। दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत और मेलजोल रहा। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसी दौरान युवती को जानकारी मिली कि युवक के परिजनों ने उसकी शादी किसी दूसरी युवती से तय कर दी है। इस खबर के पता चलने के बाद युवती ने अपने परिवार को पूरे मामले की जानकारी दी और परिजनों के साथ प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंचने का फैसला किया।
गुरुवार को दुल्हन लेकर आई बारात लिखा बैनर हाथों में लिए जब प्रेमिका के परिजन एलम गांव पहुंचे तो सभी हैरान रह गए। उसे देखने के लिए काफी भीड़ जुट गई। मामला गांव में चर्चा का विषय बन गया। देर रात दोनों पक्ष कांधला थाने में पहुंच गए। एलम्म के दर्जनो लोग लड़के पक्ष की तरफ से पहुंचे।
उधर, लड़की व उसके साथ आए माता पिता व अन्य लोग भी थाने में ही थे। लड़के पक्ष के लोगों का कहना था कि इन लोगों ने वर्ष 2021 में दुष्कर्म का लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जो कोर्ट में विचाराधीन है। अब लड़के की शादी में विघ्न डालने के लिए यह सब किया जा रहा है।
24 घंटे बाद भी कोई हल नहीं निकला तो शुक्रवार को दोनों पक्षों को वापस भेज दिया। एक तरफ युवती और उसके परिजन शादी रुकवाने की कोशिशों में जुटे रहे तो दूसरी तरफ युवक के घर पर शादी की रस्में शुरू हो गईं। इसके बाद प्रेमिका ने शुक्रवार शाम थाने में तहरीर दी और प्रेमी पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही युवती ने वीडियो वायरल कर पुलिस प्रशासन से मदद न मिलने और युवक की कहीं और शादी होने पर जान देने की बात कही।
पुलिस को दी गई शिकायत में प्रेमिका ने बताया कि वह देहरादून की रहने वाली है। सात साल पहले उसके पड़ोस में दिल्ली में मर्चेंट नेवी में तैनात एलम निवासी युवक का आना-जाना था। युवती के मुताबिक 2018 में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। 2019 में युवक उसे अपने साथ गांव एलम ले आया। उस समय युवती की उम्र 16 वर्ष थी। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिग होने पर जब उसने शादी की बात कही तो युवक हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर टालता रहा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
इधर, देहरादून से परिजनों के साथ आई प्रेमिका अपने प्रेमी की शादी रुकने की कोशिश में जुटी रही तो उधर प्रेमी चुपके से बारात लेकर दिल्ली रवाना हो गया। युवती अपने प्रेमी की शादी रुकवाने को लेकर शनिवार को भी लगातार शामली पुलिस के अधिकारियों को फोन करती रही। युवती अधिकारियों से संपर्क कर शादी रुकवाने और कार्रवाई की गुहार लगाती रही।
पुलिस अधिकारियों से कोई मदद नहीं मिलने पर युवती अब दिल्ली में हो रही युवक की शादी के विवाह मंडप और कार्यक्रम स्थल की जानकारी जुटाने में लग गई। उसकी कोशिशें अंततः सफल हो गई। प्रेमिका ने दुल्हन के घर तक अपनी प्रेम कहानी और युवक के खिलाफ दर्ज कराए गए केस की जानकारी पहुंचा दी। इससे दिल्ली स्थित बैंक्वेट हॉल में जब बारात पहुंची तो हंगामा हो गया। दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और लड़की पक्ष के लोगों ने बारात को बंधक बना लिया। पूरी रात दोनों पक्षों के बीच विवाद चलता रहा। मामला थाने भी पहुंच गया। इसके बाद लड़की पक्ष द्वारा खर्च किए गए सात लाख रुपये देने पर ही बारात को बंधनमुक्त किया गया और दूल्हा बैरंग एलम लौट आया।
प्रेमी की शादी रुकने से प्रेमिका ने राहत की सांस ली। कई दिनों की कोशिश सफल होने के बाद उसके चेहरे पर खुशी दिखाई दी। अब युवती को एक बार फिर प्रेमी के साथ घर बसाने की उम्मीद जगी है। युवती को विश्वास है कि उसका वर्षों पुराना प्रेम संबंध अब विवाह के बंधन में बदल सकेगा। हालांकि, युवक और उसके परिजनों की ओर से इस संबंध में क्या निर्णय लिया जाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पूरे हंगामे के बाद युवक पक्ष के लोगों ने खुद को पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी अलग कर लिया है। परिवार के सदस्य इस प्रकरण को लेकर किसी से भी बातचीत करने से बच रहे हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story