उत्तर प्रदेश

शौच के लिए निकला 14 साल का किशोर लापता, सुबह बाग में मिला शव

Admindelhi1
23 Nov 2026 7:15 AM IST
शौच के लिए निकला 14 साल का किशोर लापता, सुबह बाग में मिला शव
x
घर से निकला किशोर नहीं लौटा, अगले दिन बाग में मिली लाश

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 14 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार सैनी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर मढ़ियामई गांव के बाहर स्थित बाग में किशोर का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान छोटू (14) के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

किशोर के चाचा राम खिलवान के अनुसार, छोटू शनिवार को शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

रविवार सुबह गांव के बाहर बाग में छोटू का शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सर्किल अफसर सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की हत्या की आशंका के संबंध में भी जांच जारी है।

Next Story