उत्तर प्रदेश

भारी बारिश के चलते लखनऊ में दीवार ढहने से 9 और उन्नाव में छत गिरने से 3 की हुई मौत

Admin Delhi 1
16 Sep 2022 7:57 AM GMT
भारी बारिश के चलते लखनऊ में दीवार ढहने से 9 और उन्नाव में छत गिरने से 3 की हुई मौत
x

लखनऊ ब्रेकिंग: उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारी बारिश के चलते शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। लखनऊ के दिलकुशा में तड़के 3 बजे एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार ढह जाने पर मलबे में दबने से 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोग मलबे में दबने से घायल हो गए। मरने वालों में 3 पुरुष, 3 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है।

लखनऊ में तीन दिन से रुक: रुक कर बारिश का दौर जारी है। जिसके चलते आसपास की मिट्टी धंसने से दीवार ढह गई। सुबह 3 बजे के आसपास अचानक घटी इस घटना से मौके पर चीख पुकार मच गई। आर्मी कैंट के पास हादसा हुआ तो मौके पर रेस्क्यू के लिए आर्मी के जवान भी पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए। सूचना पर आर्मी अफसर और डीएम सूर्यपाल गंगवार भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया। DM ने बताया कि निर्माणाधीन बांउड्रीवाल के पास लोग सोए थे। सेना ने मलबे में दबे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। 9 लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है। वहीं, दो लोगों का उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू देर रात ही पूरा कर लिया गया है। मृतकों में तीन बच्चे 18 साल से कम और कुछ महिलाएं और पुरुष हैं।

आज बंद रहेंगे 12वीं तक के सभी स्‍कूल: मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ के जिलाधिकारी ने 16 सितंबर को 12वीं तक के सभी स्‍कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है। यूपी के कई शहरों में सड़के दरिया बनीं हुई है।

उन्‍नाव में छत गिरी, तीन की मौत: वहीं, उत्तर प्रदेश के उन्नाव में भी बारिश के कारण देर रात दीवार गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक युवक घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक असोहा थाना क्षेत्र में एक परिवार अपने घर पर मां के साथ सो रहा था इसी दौरान कच्चा मकान भर भरा कर गिर गया, जिससे उसके नीचे दो सगे भाइयों और एक बहन की दबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंकित (20), अंकुश (4) ओर उन्नति (6) के रूप में हुई है। हालांकि, गनीमत रही हादसे में मां कांति बाल-बाल बच गई। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम योगी ने ट्विट किया कि जनपद लखनऊ में दीवार गिरने के हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के भी निर्देश दिए हैं।

Next Story