उत्तर प्रदेश

75 घंटो का किसानों का लखीमपुर महापड़ाव आज से, कई राज्यों के किसान जुटेंगे

Renuka Sahu
18 Aug 2022 3:00 AM GMT
75 hours of farmers Lakhimpur Mahapadav from today, farmers of many states will gather
x

फाइल फोटो 

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर गुरुवार से किसानों का महापड़ाव व पंचायत लखीमपुर में शुरू होगी।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर गुरुवार से किसानों का महापड़ाव व पंचायत लखीमपुर में शुरू होगी। खीरी कांड में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी की पद से बर्खास्तगी, जेल में बंद चार किसानों पर से केस वापस लेने समेत कई मांगों को लेकर कई संगठनों के किसान धरना देंगे। बुधवार की शाम तक राजापुर मंडी में तैयारियां चलती रहीं। कई किसान नेता लखीमपुर पहुंच चुके थे। रात तक राकेश टिकैत समेत अन्य नेताओं के आने की सूचना है। उधर प्रशासन भी इस महापड़ाव को लेकर अलर्ट है। एसपी ने मंडी स्थल का निरीक्षण किया।

भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट का दावा है कि यह धरना 18 से 21 अगस्त तक लगातार चलेगा। इसमें 31 किसान संगठन हिस्सा ले रहे हैं। पूरे देश से किसानों के जत्थे लखीमपुर पहुंचेंगे। बुधवार को टिकैत गुट के संगठन मंत्री भूदेव शर्मा व यूपी उत्तराखंड प्रभारी बलजिंदर सिंह मान लखीमपुर पहुंच गए थे। मान ने बताया कि हमारा चार दिनों का कार्यक्रम है। इसमें देश भर से किसान जुटेंगे। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों से किसान आएंगे। पंजाब से बसें आ रही हैं जो सुबह तक पहुंच जाएंगी। उन्होंने बताया कि किसान नेता नरेश टिकैत, राकेश टिकैत, दर्शनपाल सिंह, जोगिंदर सिंह उग्राहा, योगेंद्र यादव जैसे बड़े किसान नेता शामिल होंगे।
मंडी पर बनी है प्रशासन की नजर
एसपी संजीव सुमन ने मंडी स्थल का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। उधर नगर पालिका की ओर से पानी का इंतजाम किया गया। प्रशासन ने दो कंपनी पीएसी और एक कंपनी आरएफ के सुरक्षा घेरे की तैयारी की है। मंडी समिति की ओर से कार्यक्रम स्थल पर कीटनाशक आदि का छिड़काव किया। तहसीलदार सुशील प्रताप सिंह भी व्यवस्था देखने पहुंचे। उधर, धरने को लेकर पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पीएसी व आरएएफ भी मंगा ली गई है। पीएसी के साथ-साथ पुलिस के अधिकारी भी तैनात होंगे।
कई शेड कराए खाली, चलेंगे लंगर
प्रशासन ने मंडी स्थल पर तीन शेड किसानों को खाली कराकर दिए हैं। इनमें एक शेड के नीचे धरना व पंचायत चलेगी। जबकि एक शेड के नीचे लंगर चलाए जाएंगे। करीब सात जगह लंगर लगाने की तैयारी है। इसके अलावा शाम तक टेंट आदि आता रहा। जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह संधू ने बताया कि तैयारी भीड़ के हिसाब से की गई है। किसानों के वाहन खड़े किए जाने का इंतजाम अलग किया गया है। हम कोई असुविधा नहीं होने देंगे।
Next Story