उत्तर प्रदेश

दांपत्य सूत्र में बंधे 415 हिंदू जोड़े, 42 मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह

Rani Sahu
27 Jun 2023 5:12 PM GMT
दांपत्य सूत्र में बंधे 415 हिंदू जोड़े, 42 मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह
x
हाथरस: हाथरस में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत खेल स्टेडियम में 457 कन्याओं का सामूहिक विवाह मंगलवार को मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। अतिथियों ने नवविवाहित वर-वधू को उनके सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। नव विवाहित वर-वधुओं को विवाह प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राना, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, जिलाधिकारी अर्चना वर्मा और मुख्य विकास अधिकारी साहित्यप्रकाश मिश्र ने भगवान गणेश जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास की नीति का पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के आवेदन करने के लिए पोर्टल तैयार किया जा रहा है, जिससे आवेदन करने की प्रक्रिया सरल हो जाएगी।
सामूहिक विवाह आयोजन
विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राना और विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर ने भी इस योजना की सराहना की। जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने कहा कि इस योजना में विधवा एवं तलाकशुदा महिलाओं के पुनर्विवाह कराने की भी व्यवस्था है। योजना में वित्तीय वर्ष 2017-18 से अब तक 3540 कन्याओं के विवाह कराए जा चुके हैं। आज सभी विकास खंडों एवं नगरीय क्षेत्र से लगभग 457 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जा रहा है। 415 हिंदू जोड़ों का विवाह कराया गया है और 42 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़वाया गया है।
अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों को शपथ दिलाई कि ‘हम शपथ लेते है कि जन्म से पूर्व गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण नहीं कराएंगे”। बालक एवं बालिका में भेदभाव करने वाली सामाजिक कुरीतियों का बहिष्कार करेंगे। कन्या जन्म का स्वागत करते हुए उत्सव मनाएंगे। संचालन महिला कल्याण अधिकारी मोनिका गौतम ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह उर्फ गुड्डू, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, महामंत्री प्रीति चौधरी, रामवीर सिंह भैयाजी, उप जिलाधिकारी सादाबाद, परियोजना निदेशक डीआरडीए आदि मौजूद थे।
एकाएक बिगड़ी दुल्हन की तबीयत
सामूहिक विवाह समारोह के दौरान एक दुल्हन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। यह देखकर अफसर घबरा गए। अफसरों ने आनन-फानन दुल्हन को कूलर के आगे बिठवाया। काफी देर बाद इस दुल्हन की तबीयत में सुधार हुआ और अफसरों ने राहत की सांस ली।
विवाह के दौरान सेल्फी
उमस भरी गर्मी से परेशान हुए लोग
सामूहिक विवाह समारोह के दौरान खेल स्टेडियम में उमस भरी से लोगों को बुरा हाल रहा। लोग थोड़ी-थोड़ी देर बाद पानी तलाशते नजर आए। लोगों का पसीने बंद होने का नाम ही नहीं ले रहा था। यहां तक कि परिसर में लगाए हुए पंखे भी उमस भरी गमी में लोगों को राहत नहीं पहुंचा सके।
Next Story