उत्तर प्रदेश

3 अंतर्जनपदीय लुटेरे गिरफ्तार

Admin Delhi 1
17 Jan 2023 2:35 PM GMT
3 अंतर्जनपदीय लुटेरे गिरफ्तार
x

बलिया: बलिया की नगरा पुलिस ने लूट की दो बाइक सहित तीन अन्तरजनपदीय लुटेरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से 2 अवैध असलहा और 2 कारतूस भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष नगरा बृजेश सिंह ने बताया कि थाने के उपनिरीक्षक छून्ना सिंह मय हमराह रात में गश्त पर निकले थे कि मुखबिर से सूचना मिली कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाश नगरा के तरफ आ रहे हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम थाना क्षेत्र के रघुनाथ पुर मोड़ पर वाहन चेकिंग करने लगी। कुछ देर बाद तीन युवक बाइक पर सवार होकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने घेरा बंदी कर बदमाशों को पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर बदमाशों के पास 2 अवैध असलहा व 2 कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम पता अंकित सिंह हेमन्त निवासी नोनरा थाना मरदह, गाजीपुर और गौरव पांडेय उर्फ चुनमुन निवासी बलेसडी पंडितपुरा थाना कासिमाबाद व ललित दीक्षित उर्फ पिंटू निवासी बिसवा वार्ड संख्या 5 थाना बिसवा जनपद सीतापुर बताया।

बाइक का कागज मांगने पर बदमाश कागज नहीं दिखा सके। सख्ती करने पर बताया कि बाइक लूट की है। लुटेरों के निशानदेही पर पुलिस ने बाइक लूट की घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों को गाजीपुर और आजमगढ़ जनपद की पुलिस काफी दिनों से ढूंढ रही थी। गाजीपुर व नगरा थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं।

Next Story