- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- बिजली विभाग में 229...
बिजली विभाग में 229 कर्मियों का तबादला, 16 JEs बदले

Ayodhya.अयोध्या। विद्युत निगम में सोमवार को बड़ा फेरबदल हुआ है। मुख्य अभियंता ने वर्षों से एक ही स्थान या एक जिले में तैनात कर्मचारियों को दूसरे जिलों में स्थानांतरित कर दिया है। इसके दायरे में पांच जिलों के कुल 229 कर्मी आए हैं, जिनमें 16 अवर अभियंता हैं। ये अवर अभियंता आठ से दस वर्षों से एक ही जिले में कार्यरत थे। अन्य कर्मचारियों में कोई 15 वर्ष तो कोई दस वर्ष से एक ही जिले में कार्यरत था। मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद इन कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। मुख्य अभियंता वितरण अशोक चौरसिया ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कुल 229 कर्मचारियों को नियमों के तहत दूसरे जिलों में स्थानांतरित किया गया है, जिसमें 16 अवर अभियंता, 59 टेक्नीशियन ग्रेड-इंजीनियरिंग, 98 टेक्नीशियन ग्रेड-लाइन और 56 कुशल श्रमिक शामिल हैं।
जिन जेई का स्थानांतरण किया गया है, वे आठ से दस वर्षों से एक ही जिले में कार्यरत थे। उन्होंने बताया कि अंबेडकर नगर के अलापुर में कार्यरत जेई मुन्ना कुमार यादव को अधीक्षण अभियंता कार्यालय अयोध्या, अकबरपुर में कार्यरत दिलीप कुमार पटेल को अधीक्षण अभियंता कार्यालय बाराबंकी, ज्ञान चंद्र को अधीक्षण अभियंता कार्यालय बाराबंकी, अमेठी में कार्यरत सुरेश कुमार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय अयोध्या, अमेठी से कुलदीप कुमार को एसई कार्यालय अयोध्या, सुल्तानपुर के मनीष शर्मा को एसई अयोध्या कार्यालय, अयोध्या के प्रवीण त्रिपाठी को सुल्तानपुर, अयोध्या के रामेश्वर गुप्ता को सुल्तानपुर भेजा गया है। अयोध्या से अशोक कुमार सिंह को सुल्तानपुर, अयोध्या से सुनील जयसवाल को अमेठी, अयोध्या से हेमन्त यादव को बाराबंकी, अयोध्या से हिम्मत सिंह को सुल्तानपुर, अमन सिंह को बाराबंकी से अम्बेडकर नगर, मो. सद्दाम को बाराबंकी से अमेठी, रामबालक वर्मा को बाराबंकी से अयोध्या और अमरेश कुमार सिंह को विद्युत वितरण खंड फतेहपुर से अयोध्या मंडल भेजा गया है।





