- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- 2027 यूपी चुनाव:...
उत्तर प्रदेश
2027 यूपी चुनाव: समाजवादी पार्टी आज जारी करेगी घोषणापत्र, 'पीडीए' पर रहेगा खास फोकस
jantaserishta.com
26 Nov 2026 9:55 AM IST

x
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) गुरुवार को 'संविधान दिवस' के मौके पर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करेगी। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देने की तैयारी कर रही समाजवादी पार्टी का मुख्य फोकस सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर रहने की उम्मीद है।
2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए अपना विजन और वादे पेश करने की तैयारी कर रही है। इसमें पार्टी का खास जोर अपने 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एजेंडे पर होगा। पार्टी नेताओं ने संकेत दिया है कि घोषणापत्र में पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों के हितों और चिंताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सपा ने अपनी राजनीतिक रणनीति के एक अहम हिस्से के रूप में अपने 'पीडीए' फॉर्मूले को प्रमुखता दी है, जिसे वह प्रतिनिधित्व, समानता और सामाजिक न्याय से जोड़कर पेश करती है। इससे पहले बुधवार को, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पीडीए समाज की राजनीतिक आकांक्षाओं के बारे में बात की। उन्होंने लिखा, "अब तक पीडीए ने दूसरों की सरकार बनवाने में मदद की है। इस बार पीडीए समाज ने ये संकल्प लिया है कि 2027 में 'अपनी पीडीए सरकार' बनाएंगे, 'सामाजिक न्याय का राज' लाकर भेदभाव मिटाएंगे और 'बंधु-राष्ट्र' बनाएंगे।"
उधर, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान है। दोनों दलों के बीच सीट फॉर्मूला तय होने से पहले ही समाजवादी पार्टी ने 5 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जिससे कांग्रेस नेताओं की सार्वजनिक तौर पर नाराजगी देखने को मिली है।
समाजवादी पार्टी ने गठबंधन के तहत कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में महज 26 सीटों की पेशकश की है। इससे भी कांग्रेस पार्टी नाराज दिख रही है। इसके चलते कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली और अमेठी में भी अनिश्चितता के बादल छाए हैं। रायबरेली और अमेठी, दोनों लोकसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व फिलहाल कांग्रेस कर रही है।
चर्चाएं हैं कि पार्टी ने इन दो संसदीय क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली सभी 10 विधानसभा सीटों पर अपना दावा पेश किया है। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस इन विधानसभा क्षेत्रों में से एक भी सीट नहीं जीत पाई थी, जबकि समाजवादी पार्टी ने छह सीटें जीतीं और बाकी सीटें भाजपा के खाते में गईं।
यह भी चर्चाएं हैं कि समाजवादी पार्टी पिछली बार जीती गई सीटें कांग्रेस या किसी अन्य सहयोगी दल को नहीं देगी। ऐसे में संभावना यही है कि अखिलेश यादव की पार्टी ज्यादा सीटें छोड़ने के लिए तैयार नहीं होगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





