उत्तर प्रदेश

17 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या, प्रेमी की हरकत देख दहल उठे लोग

Ratna Netam
5 Aug 2026 8:53 PM IST
17 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या, प्रेमी की हरकत देख दहल उठे लोग
x
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पारा थाना क्षेत्र के नरपतखेड़ा में घर में अकेली मौजूद 17 वर्षीय बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा स्मृति पाण्डेय की उसके सहपाठी और कथित प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी युवक घर में पहले से चाकू लेकर पहुंचा था और बातचीत के दौरान उसने छात्रा पर हमला कर उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से भागा नहीं, बल्कि मृतका के शव के पास ही पड़ा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतका स्मृति पाण्डेय नरपतखेड़ा निवासी सेवानिवृत्त नायब सूबेदार शैलेन्द्र पाण्डेय की बेटी थी। शैलेन्द्र पाण्डेय वर्तमान में कानपुर में एनसीसी इंस्ट्रक्टर के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय स्मृति के माता-पिता किसी पारिवारिक कार्य से अमेठी गए हुए थे, जबकि बड़ी बहन जागृति अपने कॉलेज गई थी। घर में स्मृति अकेली थी। इसी दौरान उसका सहपाठी देवांश पाठक घर पहुंचा।
पुलिस के अनुसार दोनों एक ही कॉलेज में बीसीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र थे और पिछले लगभग दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई भी साथ की थी और बाद में एक ही कॉलेज में प्रवेश लिया था। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि देवांश अपने साथ पहले से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया था। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह किसी पूर्व नियोजित इरादे से घर पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक घटना से कुछ समय पहले स्मृति पड़ोस में आयोजित धार्मिक कथा से प्रसाद लेकर घर लौटी थी। उसके कुछ ही देर बाद देवांश वहां पहुंच गया। दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद किसी बात पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने चाकू से स्मृति के गले पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का सबसे भयावह पहलू यह रहा कि हत्या के बाद आरोपी घटनास्थल से भागा नहीं। जब करीब 40 मिनट बाद बड़ी बहन जागृति कॉलेज से घर लौटी तो उसने कमरे में अपनी बहन को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। वहीं आरोपी देवांश भी कमरे में मौजूद था। बहन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित, एडीसीपी धनंजय कुशवाहा, एसीपी काकोरी शकील अहमद सहित पारा, काकोरी और दुबग्गा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हत्या में प्रयुक्त चाकू समेत अन्य साक्ष्य अपने कब्जे में लिए। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है, जिसकी जांच की जा रही है ताकि वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की जानकारी मिल सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वारदात के दौरान आरोपी भी घायल हुआ है। उसे पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज पूरा होने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। मृतका के चाचा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे प्रेम संबंधों में विवाद, व्यक्तिगत तनाव या कोई अन्य कारण था। आरोपी से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना के बाद पूरे नरपतखेड़ा इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story