- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- UP के 1370 गांव बाढ़...
UP के 1370 गांव बाढ़ की जद में, 24 घंटे में गई छह लोगों की जान

लखनऊ:(Lucknow) लौटते मानसून ने उत्तर प्रदेश में तबाही मचा रखी है। कोसी की वजह से मुरादाबाद में कई गांव डूब गए हैं तो दूसरी तरफ अयोध्या के शहरी क्षेत्र में सरयू का पानी घुस गया है। बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, श्रावस्थी, गोंडा और बहराइच ऐसे जनपदों में शामिल हैं, जहां पर 100 या इससे अधिक गांव बाढ़ की जद में हैं। इस वर्ष जहां अवर्षण की तरफ से शुरुआत में बरसात नहीं हुई तो अब चलाचली की बेला में मासून ने कहर ढा दिया है।
मौजूदा समय में प्रदेश के कुल 18 जनपद ऐसे हैं, जो बाढ़ की आपदा से घिरे हुए हैं। बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, श्रावस्थी, गोंडा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी समेत अन्य जनपदों में कुल 1370 गांवों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। हजारों हेक्टेयर फसल पानी में डूब चुकी है।
राहत आयुक्त कार्यालय की सूचना के मुताबिक बलरामपुर में सर्वाधिक 287 गांव प्रभावित हैं। इस दौरान अतिवृष्टि से तीन, वज्रपात, सर्पदंश और पानी में डूबने से एक-एक मौतें हुई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नेआज बाढ़ प्रभावित गांवों में चलाए जा रहे राहत अभियान की समीक्षा की, साथ ही असमय काल कवलित हुए लोगों के निधन पर शोक जताया। योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत राशि वितरित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा आज सीएम द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रोंके भ्रमण का भी प्रोग्राम है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित क्षेत्रों के मंत्रियों को भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने और राहत कार्यों में हाथ बंटाने को कहा है। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित जनपद मुख्यालयों पर कंट्रोल रूम को सक्रिय करने के लिए निर्देशित किया है।
