उत्तर प्रदेश

नवादा शिक्षा विभाग में 1.17 करोड़ की गड़बड़ी, दो लिपिक निलंबित

Admindelhi1
23 Nov 2026 7:30 AM IST
नवादा शिक्षा विभाग में 1.17 करोड़ की गड़बड़ी, दो लिपिक निलंबित
x
181 शिक्षकों के खातों में पहुंची अतिरिक्त सैलरी, विभाग में मचा हड़कंप

नवादा: बिहार के नवादा जिले के शिक्षा विभाग में वेतन भुगतान के नाम पर 1 करोड़ 17 लाख 92 हजार 308 रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आने से हड़कंप मच गया है। HRMS पोर्टल के माध्यम से जिले के 181 शिक्षकों के बैंक खातों में निर्धारित राशि से अधिक भुगतान कर दिया गया था।

जानकारी के अनुसार, शिक्षकों के खातों में वेतन, मकान किराया भत्ता और एरियर के नाम पर अतिरिक्त राशि भेजी गई थी। मामला सामने आने के बाद विभागीय जांच शुरू की गई।

नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी ने रविवार को बताया कि सभी संबंधित 181 शिक्षकों से अतिरिक्त भुगतान की पूरी राशि वापस वसूल कर ली गई है।

मामले में विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रधान लिपिक सतीश कुमार (चेकर) और लिपिक रविन्द्र कुमार (मेकर) को निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ नवादा नगर थाने में आपराधिक धाराओं के तहत प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

हालांकि, इतनी बड़ी वित्तीय गड़बड़ी के मामले में केवल दो लिपिकों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर भुगतान प्रक्रिया की निगरानी और सत्यापन से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।

फिलहाल विभागीय स्तर पर जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई जारी है। यह जांच का विषय है कि अतिरिक्त भुगतान में अन्य अधिकारियों की कोई भूमिका थी या नहीं।

Next Story