उत्तर प्रदेश

मुजफ्फरनगर में मिमलाना के तालाब में पकड़ी गई 110 क्विंटल प्रतिबंधित मांगुर मछली

Admin Delhi 1
24 Jan 2023 1:00 PM GMT
मुजफ्फरनगर में मिमलाना के तालाब में पकड़ी गई 110 क्विंटल प्रतिबंधित मांगुर मछली
x

मुजफ्फरनगर: प्रशासन ने गांव मिमलाना के तालाब में छापा मारकर प्रतिबंधित मछली थाई मांगुर पकड़ी है। मछली भरे ट्रक और मांस काटने की मशीन को सीज कर दिया गया है। प्रतिबंधित 110 क्विंटल मछली को मिट्टी में दबाने की प्रक्रिया की जा रही है।

एसडीएम सदर परमानंद झा ने बताया कि मिमलाना के तालाब खसरा नंबर 10391 में प्रतिबंधित मछली का उत्पादन हो रहा है। यह तालाब राजकुमार और मनोज के नाम से आवंटित है और इसमें मछली का उत्पादन महताब की ओर से किया जा रहा था। एसडीएम राजस्व विभाग की टीम, पुलिस और मत्स्य अधिकारी आनंद कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। तालाब के किनारे ट्रक में 80 क्विंटल प्रतिबंधित मछली मिली। मौके पर मांस काटने की मशीन भी पाई गई। इन दोनों को एसडीएम ने सीज करा दिया है।

एसडीएम परमानंद झा ने बताया कि मौके पर 110 क्विंटल मछली मिली है, जिसमें 80 क्विंटल ट्रक में थी। इस समस्त प्रतिबंधित मछली को मिट्टी में दबवाकर इसका निस्तारण कराया जा रहा है। मत्स्य अधिकारी आनंद कुमार की ओर से प्रतिबंधित मछली का पालन करने वाले महताब आदि पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

वर्ष 2000 में सरकार लगा चुकी है प्रतिबंध: भारत सरकार वर्ष 2000 में थाई मांगुर मछली के पालन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा चुकी है। मांगुर मछली मांसाहारी होती है। एक तरफ जहां इसके पालने से दूसरी मछलियों को नुकसान पहुंचता है, वहीं इस मछली के खाने से कई घातक बीमारियों के साथ ही कैंसर भी हो सकता है। एनजीटी के अनुसार थाई मांगुर मछली पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाती है।

Next Story