उत्तर प्रदेश

11 दस्तावेज SIT को सौंपे गए

Saba Naaz
25 Jun 2026 5:10 PM IST
11 दस्तावेज SIT को सौंपे गए
x

उत्तर प्रदेश: अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा और जमीन घोटाले की जांच के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह गुरुवार को लखनऊ पहुंचे और एसआईटी कार्यालय में जांच टीम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने SIT अध्यक्ष विजय विश्वास पंत से करीब 12 मिनट तक बातचीत की और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज सौंपे।

सूत्रों और संजय सिंह के अनुसार, उन्होंने जांच टीम को कुल 11 दस्तावेज सौंपे हैं, जो कथित जमीन घोटाले और दान पेटिका से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों से संबंधित बताए जा रहे हैं। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए संजय सिंह ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामलों में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही एफआईआर दर्ज की गई है।

संजय सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि जांच में कई अहम सबूत सामने आने के बाद भी कार्रवाई न होना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जब कथित तौर पर पैसे की बरामदगी और गड़बड़ी से जुड़े संकेत मिल चुके हैं, तो फिर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

आप सांसद ने SIT से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए तथा जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ प्रशासनिक नहीं बल्कि आस्था और पारदर्शिता से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

गौरतलब है कि राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा और जमीन लेन-देन में कथित अनियमितताओं को लेकर पहले से ही जांच चल रही है। अब राजनीतिक दलों के सक्रिय होने से यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। संजय सिंह की इस मुलाकात के बाद जांच प्रक्रिया पर भी सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Next Story