उत्तर प्रदेश

11 Coaching सेंटरों का निरीक्षण, कमियां मिलीं तो होगी कार्रवाई

Ratna Netam
11 July 2026 5:50 PM IST
11 Coaching   सेंटरों का निरीक्षण, कमियां मिलीं तो होगी कार्रवाई
x

Noida नोएडा : ग्रेटर नोएडा में संचालित कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए शनिवार से विशेष अभियान शुरू किया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अल्फा कमर्शियल बेल्ट स्थित ओम टावर में संचालित 11 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया और वहां लगे अग्निशमन उपकरणों व सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कुछ कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप मौजूद थे, जबकि कई संस्थानों में व्यवस्थाओं में खामियां मिलीं। अधिकारियों ने संबंधित कोचिंग संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे सोमवार तक सभी कमियों को दूर करते हुए अग्निशमन उपकरणों को मानकों के अनुसार दुरुस्त कर लें।

संयुक्त निरीक्षण टीम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ फायर ऑफिसर विनोद पांडेय और प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम शामिल रहे। टीम ने कोचिंग सेंटरों में लगे फायर एक्सटिंग्विशर, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।

अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोमवार के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान यदि किसी भी कोचिंग सेंटर में अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कमियां पाई गईं तो संबंधित संस्थान को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है।

बताया गया कि हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के सभी कोचिंग सेंटरों को अग्नि सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन ने इसके लिए 15 दिनों की समय-सीमा तय की थी। इसके बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने भी अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए थे।

अधिकारियों के मुताबिक जिलाधिकारी द्वारा दी गई 15 दिन की समय-सीमा सोमवार को समाप्त हो रही है। इसी को देखते हुए प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग ने जांच अभियान को तेज कर दिया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोचिंग सेंटरों में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम मौजूद रहें।

प्रशासन ने सभी कोचिंग संचालकों से अपील की है कि वे समय रहते अग्नि सुरक्षा मानकों को पूरा कर लें, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारियों ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Story