![पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा की ये जगहें हैं बेहद खूबसूरत, जरूर घूमें पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा की ये जगहें हैं बेहद खूबसूरत, जरूर घूमें](https://jantaserishta.com/h-upload/2021/12/20/1431996-11.webp)
x
पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा अपने अंदर अद्भुत विरासत समेटे हुए है
पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा (Best Tourist Place in Tripura) अपने अंदर अद्भुत विरासत समेटे हुए है। यह राज्य समृद्ध संस्कृति के साथ बेहतरीन प्राकृतिक सौंदर्य का भी सही उदाहरण प्रस्तुत करता है। कहा जाता है कि एक समय में इस शहर पर माणिक्य राजाओं का पूर्ण अधिकार हुआ करता था। इसके अलावा, त्रिपुरा की राजधानी अगरतला को भी ऐतिहासिक, धार्मिक स्मारकों और भवनों के लिए जाना जाता है।
बता दें कि अगरतला (Agartala) त्रिपुरा की राजधानी है, उस राज्य के सबसे बड़े शहरों में से एक है। यह त्रिपुरा में घूमने के लिए सबसे लोकप्रिय स्थानों में से एक है। यह स्थान अपने हरे भरे चरागाहों, पहाड़ियों और खूबसूरत घाटियों से भरे इलाकों के लिए प्रसिद्ध है। इस जगह का मुख्य आकर्षण उज्जयंता पैलेस है। आपको बता दें कि उज्जयंता पैलेस 1899 में महाराजा राधा किशोर माणिक्य (Maharaja Radha Kishore Manikya) द्वारा निर्मित एक शाही घर हुआ था। इसके अलावा, यह महल अपनी वास्तुकला के लिए भी जाना जाता है। जिसमें तीन गुंबद, टाइल वाले फर्श, नक्काशीदार लकड़ी की छत और खूबसूरती से तैयार किए गए दरवाजे हैं। साथ ही, इस शाही महल के बाहर मुगल शैली का बगीचा भी मौजूद है।
वहीं यहां पर 'द लेक पैलेस ऑफ त्रिपुरा' (The Lake Palace of Tripura) और 'जल महल' भी है। शायद, इसलिए इसे तैरता हुआ महल भी कहा जाता है। इस महल का निर्माण राजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर ने करवाया था। कहा जाता है कि इस महल का निर्माण उन्होंने ग्रीष्म काल के समय में रहने के लिए करवाया था। इस महल में आपको इस्लामिक और हिंदू वास्तुशिल्प का मिला-जुला रूप देखने को मिल जायेगा। वहीं जल महल घूमने आए हरियाणा के विक्रम चौधरी यहां के वास्तुशिल्प के दीवाने हो उठे। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि महल पानी में तैर रहा है। उनका कहना है कि ये हमारे पूवर्जों की इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना है।
वहीं उदयपुर (Udaipur) को पहले रंगमती के नाम से भी जाना जाता था और यह त्रिपुरा में बसा एक खूबसूरत शहर है। यह अपने ऐतिहासिक मंदिर के लिए प्रसिद्ध है, जो त्रिपुरा में घूमने के लिए सबसे लोकप्रिय धार्मिक स्थलों में से एक है। यह स्थान कृत्रिम झीलों के तल पर स्थित है और अगरतला से लगभग 55 किमी की दूर पर स्थित है। इस शहर में स्थित कुछ कृत्रिम झीलों का नजारा किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां आप धानी सागर, विजय सागर, जगन्नाथ दिघी, अमर सागर आदि घूमने का लुत्फ उठा सकते हैं, लेकिन सबसे लोकप्रिय त्रिपुरा सुंदरी मंदिर (Tripura Sundari Temple) है, जो 51 शक्तिपीठों का भी हिस्सा है। इस मंदिर के बगल में एक बड़ी झील है, जिसे कल्याण सागर कहा जाता है। यहां घूमने आए पश्चिम बंगाल से मिथलेश रॉय का कहना है कि त्रिपुरा सुंदर के बारे में बहुत बार सुना था, लेकिन आज पहली बार यहां घूमने का मौक मिला। उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रवेश करते ही आध्यात्मिक शक्ति का अनुभव हो जाता है। यहां मन को बहुत सुकून मिला। उन्होंने कहा कि हमारे प्राचीन इतिहास का ये जीता-जागता सबूत है।
Next Story