त्रिपुरा

वरिष्ठ नेता बिलाल मिया भाजपा में हुए शामिल

Admin Delhi 1
25 Aug 2023 9:03 AM GMT
वरिष्ठ नेता बिलाल मिया भाजपा में हुए शामिल
x
त्रिपुरा कांग्रेस को बड़ा झटका

त्रिपुरा न्यूज: त्रिपुरा में विपक्षी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिलाल मिया गुरुवार को सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए हैं। मिया ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। 63 वर्षीय बिलाल मिया सिपाहीजाला जिले के कुलुबरी में एक समारोह में भाजपा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री माणिक साहा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्जी, कई मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मिया को पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी। मिया कांग्रेस के प्रमुख मुस्लिम नेता थे।

मिया ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे एक पत्र में कहा था कि कांग्रेस बीते 40 सालों से मेरा घर रही है। मैं पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। बता दें कि वह त्रिपुरा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष थे। बिलाल मिया 1988 से 1993 तक मंत्री रहे थे। वह 16 फरवरी के विधानसभा चुनाव और 5 सितंबर को मुस्लिम बहुल बॉक्सानगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस द्वारा नामांकित नहीं किए जाने से नाराज थे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मिया के भाजपा में शामिल होने से बॉक्सानगर उपचुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को बढ़ावा मिलेगा। यह सीट मौजूदा माकपा विधायक समसुल हक के निधन के बाद खाली हो गई थी। हक का 19 जुलाई को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। दूसरी ओर, त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा ने बुधवार को मिया को 'पार्टी विरोधी' गतिविधियों के लिए छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

Next Story