![1 साल पहले की लव-मैरिज महिला का फंदे पर झूलता मिला शव 1 साल पहले की लव-मैरिज महिला का फंदे पर झूलता मिला शव](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/02/21/1510906-hanging-28.webp)
बहादुरगढ़ में अंतरजातीय प्रेम विवाह करने वाली विवाहिता ने सोमवार को फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। उसकी शादी को एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। पति के साथ उसकी नानी के घर रामनगर में रह रही थी। यहां उसे मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ना किया जाने लगा और उसने सुसाइड कर लिया। विवाहिता के परिजनों ने पति और उसकी नानी को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। बहादुरगढ़ शहर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
गांव टांडाहेड़ी निवासी ऊषा (25) ने 7 मार्च 2021 को हितेश से लव-मैरिज की थी। हितेश बहादुरगढ़ शहर के राम नगर में अपनी नानी के घर रहता है। शुरुआत में दोनों खुश रहे लेकिन बाद में किन्हीं कारणों से परिस्थितियां बदलीं। रविवार देर शाम ऊषा का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पाकर सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोमवार को नागरिक अस्पताल परिसर में शव का पोस्टमार्टम हुआ। डीएसपी पवन कुमार और थाना पुलिस जांच करने के लिए पहुंचे, वहां परिजनों ने हितेश और उसकी नानी पर गंभीर आरोप लगाए। विवाहिता की मौत के लिए उसके पति हितेश और नानी सास को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। मृतका उषा के पिता मुख्तियार सिंह का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। उनकी बेटी को जातिसूचक शब्द कहे गए। उसे जाति के नाम पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कई बार हितेश और उसकी नानी को समझाया लेकिन वे नहीं माने। करीब ढाई-तीन महीने पहले ऊषा का मोबाइल भी उससे छीन लिया। उनसे बात भी नहीं करने दी जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि उनकी बेटी की हत्या की गई हो। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनकी मृत बेटी को न्याय दिलाया जाए। उधर, डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि एक विवाहिता के आत्महत्या करने की सूचना मिली है। मृतका के पिता ने शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर आरोपित पति हितेश और उसकी नानी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
![Soni Soni](/images/authorplaceholder.jpg?type=1&v=2)