
Telangana तेलंगाना: तेलंगाना रक्षा सेना की संस्थापक के. कविता ने शनिवार को राज्यसभा और देश की संसदीय व्यवस्था में बड़े बदलाव का प्रस्ताव रखा। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्यसभा को अमेरिका की सीनेट की तर्ज पर पुनर्गठित किया जाए, ताकि राज्यों से जुड़े कानूनों पर अधिक प्रभावी निर्णय लिया जा सके और राज्यों के अधिकारों की सुरक्षा मजबूत हो।
“के. कविता ने कहा कि परिसीमन प्रक्रिया में आबादी को आधार बनाकर लोकसभा सीटों का पुनर्निर्धारण किया जाना चाहिए, भले ही इससे कुछ राज्यों का प्रतिनिधित्व कम हो जाए। उन्होंने कहा कि इस संभावित असंतुलन की भरपाई राज्यसभा में हर राज्य को समान या संतुलित प्रतिनिधित्व देकर की जा सकती है, ताकि संघीय ढांचा कमजोर न पड़े।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि राज्यसभा को केवल सलाहकार भूमिका तक सीमित न रखकर उसे अधिक अधिकार दिए जाएं। उनके अनुसार वित्त विधेयक और अन्य महत्वपूर्ण विधेयक राज्यसभा में भी समान रूप से पेश किए जाने चाहिए। यदि राज्यों की सहमति नहीं बनती है तो ऐसे विधेयकों को आगे न बढ़ाया जाए। इससे राज्यों की भूमिका और निर्णय क्षमता मजबूत होगी।
कविता ने कहा कि हर राज्य को राज्यसभा में निश्चित सीटें और मतदान अधिकार मिलने चाहिए, जिससे सभी राज्यों के बीच संतुलन बना रहे और किसी भी राज्य का प्रतिनिधित्व कमजोर न हो। उन्होंने दावा किया कि इस व्यवस्था से संविधान के संघीय ढांचे को मजबूती मिलेगी और उसकी मूल भावना सुरक्षित रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में परिसीमन आयोग का गठन होता है तो वह प्रधानमंत्री और आयोग को इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव भेजेंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अब 95 प्रतिशत ध्यान तेलंगाना से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित करेगी।
राजनीतिक टिप्पणी करते हुए के. कविता ने कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और बीआरएस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने अपनी नई पहल के रूप में “पांचजन्य” की घोषणा की, जिसे उन्होंने पांच प्रमुख वादों का समूह बताया। इसमें मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य एक ऐसी व्यवस्था को बढ़ावा देना है जिसमें राज्यों की राजनीतिक और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और केंद्र-राज्य संबंध अधिक संतुलित और मजबूत बन सकें।





