
Bhadradri Kothagudem भद्राद्री कोठागुडेम: तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बर्गमपद पुलिस ने दोस्त की हत्या की साजिश रचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 2 करोड़ रुपये की इंश्योरेंस रकम हड़पने के लिए यह घिनौना काम करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक प्राइवेट बैंक का कर्मचारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 14 फरवरी की रात को यशवंत बर्गमपद मंडल के मोथे गांव के पास खून से लथपथ हालत में मिला, वह गंभीर रूप से घायल था। शुरुआत में इसे एक एक्सीडेंट माना जा रहा था। उसे तुरंत भद्राचलम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर उसे खम्मम के एक अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
यशवंत की चाची मुलिसेट्टू रामा के पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद मामले ने एक अलग मोड़ ले लिया। उन्होंने शक जताया था कि यह सिर्फ एक एक्सीडेंट नहीं बल्कि एक सुनियोजित हमला था। जब पुलिस ने इस शिकायत पर जांच शुरू की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। जांच के दौरान पुलिस का शक गन्नवरम के कट्टा साई दीपक और भद्राचलम के उसके दोस्त कोंडा भानु प्रकाश पर बढ़ गया।





