
हैदराबाद: अखिल भारतीय सर्व सेवा संघ के प्रबंध ट्रस्टी महादेव विद्रोही ने सरकार से पूर्व भूदान यज्ञ बोर्ड के अध्यक्ष गुन्ना राजेंद्र रेड्डी के कार्यकाल के दौरान की गई अनियमितताओं की न्यायिक जांच उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश से कराने की अपील की है। उन्होंने अनुरोध किया है कि भूदान की जमीनों को जब्त कर गरीबों में वितरित किया जाए। बुधवार को देशोद्धारक भवन में अखिल भारतीय सर्वोदय मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेदिरे अरविंद रेड्डी, प्रदेश अध्यक्ष तोलुपुनुरी कृष्ण गौड़, वेदिरे प्रोमोटिस चंद्र रेड्डी और डॉ. वेदिरे प्रमोद चंद्र रेड्डी के साथ आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कांग्रेस सरकार से पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान भूदान की जमीनों के अवैध अधिग्रहण की सीबी-सीआईडी की जांच का ब्योरा सार्वजनिक करने की अपील की। उन्होंने सरकार से अवैध जमीनों को तत्काल अपने कब्जे में लेकर किसानों, मजदूरों, दलितों और गरीबों में वितरित करने का आग्रह किया।





