
x
Telangana तेलंगाना। गणेश विसर्जन 2026 को लेकर तेलंगाना पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मलकाजगिरी कमिश्नरेट पहली बार बड़े स्तर पर गणेश विसर्जन कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है। इसके लिए ‘गणेश सुरक्षा संकल्प 2026’ अभियान के तहत सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। कमिश्नर ऑफ पुलिस सुमिथि ने बताया कि राचकोंडा कमिश्नरेट के पुनर्गठन के बाद अब मलकाजगिरी एक पूरी तरह शहरी कमिश्नरेट के रूप में काम कर रहा है। इसी के तहत पहली बार यहां गणेश विसर्जन जैसे बड़े आयोजन की जिम्मेदारी संभाली जा रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष गणेश विसर्जन के लिए करीब 11 हजार से अधिक मूर्तियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया था। इस बार आयोजन शुरू होने से पहले ही लगभग 6 हजार मूर्तियों का पंजीकरण हो चुका है। पुलिस को उम्मीद है कि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर करीब 15 हजार तक पहुंच सकती है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व्यवस्था का उद्देश्य गणेश विसर्जन के दौरान बेहतर प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इससे पुलिस प्रशासन को मूर्तियों की संख्या, मार्ग और आयोजन से जुड़ी जानकारी पहले से मिल सकेगी।
गणेश विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर उतरते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और निगरानी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाया जा रहा है। पुलिस लोगों से भी अपील कर रही है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से उत्सव मनाएं। गणेश सुरक्षा संकल्प 2026 के तहत पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ कानून व्यवस्था बनाए रखना है। मलकाजगिरी कमिश्नरेट ने बड़े आयोजन को देखते हुए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
Next Story





