तेलंगाना

राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर भड़के किशन रेड्डी, रेवंत सरकार से ‘भारत समिट’ पर मांगा श्वेत पत्र

Tulsi Rao
15 Nov 2026 12:17 PM IST
राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर भड़के किशन रेड्डी, रेवंत सरकार से ‘भारत समिट’ पर मांगा श्वेत पत्र
x

हैदराबाद। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेतुके और निराधार आरोप लगाने तथा विदेशी दर्शकों के सामने भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री पर फोन टैपिंग कराने के राहुल गांधी के दावे को लेकर उनसे सबूत पेश करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने तेलंगाना सरकार द्वारा आयोजित ‘भारत समिट’ की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से आयोजन पर हुए खर्च और राज्य को मिले लाभ के संबंध में श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।

राज्य भाजपा कार्यालय में आयोजित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान किशन रेड्डी ने राहुल गांधी के फोन टैपिंग संबंधी आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी को आज के दौर का ‘पित्तला डोरा’ यानी झूठे दावे करने वाला बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फोन टैपिंग को लेकर राहुल गांधी का हालिया आरोप बेतुका होने के साथ-साथ अजीब और दिलचस्प भी है। उन्होंने सवाल किया, “राहुल गांधी को ये विचार कहां से आते हैं, और उनकी इस बेलगाम और उपजाऊ कल्पना का स्रोत क्या है?”

किशन रेड्डी ने फोन टैपिंग के मुद्दे पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी ने आपातकाल से पहले और उसके दौरान फोन टैपिंग का सहारा लिया था। उन्होंने कहा कि इस मामले में शक की सुई राहुल गांधी की दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की ओर जाती है।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस को असली फासीवादी और तानाशाही पार्टी बताते हुए आपातकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश आपातकाल के उस दौर को नहीं भूला है, जब प्रेस की स्वतंत्रता छीन ली गई थी और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को दबाया गया था। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक अधिकारों को लेकर विरोधाभासी रुख अपनाने का आरोप लगाया।

किशन रेड्डी ने तेलंगाना सरकार द्वारा आयोजित ‘भारत समिट’ को लेकर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आयोजन भारत समिट नहीं, बल्कि एक ‘भारत-विरोधी समिट’ था। उन्होंने दावा किया कि इस सम्मेलन के माध्यम से भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने वाली ताकतों को एक मंच पर लाया गया।

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी और रेवंत रेड्डी के बयानों में विरोधाभास होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर राहुल गांधी देश में फासीवादी शासन होने की बात करते हैं, जबकि दूसरी ओर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश आकर्षित करने का दावा करते हैं। किशन रेड्डी ने कहा कि विभिन्न राज्यों में निवेश, बहुराष्ट्रीय कंपनियों और डेटा सेंटरों का आगमन केंद्र की मोदी सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए सुशासन और निवेश के अनुकूल वातावरण के कारण हो रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत समिट के आयोजन में तेलंगाना की जनता के कर से प्राप्त धन का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने विदेशी प्रतिनिधियों को प्रथम श्रेणी के हवाई टिकट उपलब्ध कराने और स्टार होटलों में ठहराने का मुद्दा उठाया। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मांग की कि वे एक श्वेत पत्र जारी कर बताएं कि इस आयोजन पर कितनी राशि खर्च की गई और इससे तेलंगाना को क्या हासिल हुआ।

किशन रेड्डी ने राहुल गांधी द्वारा चुनावों में धांधली के आरोप लगाए जाने की भी आलोचना की। उन्होंने वर्ष 2014, 2019 और 2024 के आम चुनावों के साथ महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए चुनाव आयोग, न्यायपालिका, सशस्त्र बलों, संसद और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैसी संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर चरमपंथियों और नक्सलियों के प्रति सहानुभूति रखने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का ऐसी ताकतों के साथ जुड़े रहने का इतिहास रहा है, जो देश में ‘बंदूक का राज’ स्थापित करना चाहती हैं। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों की हत्या की निंदा नहीं करने को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए।

वीजा रद्द किए जाने के मुद्दे पर किशन रेड्डी ने कहा कि विदेश में प्रधानमंत्री और भारतीय लोकतंत्र का अपमान करने वाले लोगों के लिए भाजपा सरकार रेड कार्पेट नहीं बिछाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब कांग्रेस ने उन्हें वीजा देने से इनकार किया था। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका में मिले शानदार स्वागत को स्वीकार नहीं कर पा रही है।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के लगातार दिल्ली दौरे पर भी केंद्रीय मंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हर सप्ताह दिल्ली जाकर ‘सूटकेस’ ले जाने और पार्टी हाईकमान के सामने नतमस्तक होने की संस्कृति कांग्रेस की है, भाजपा की नहीं।

इस अवसर पर भाजपा के राज्यसभा सदस्य और संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. के. लक्ष्मण ने गिग और प्लेटफॉर्म वर्करों के मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है, जिसने गिग और प्लेटफॉर्म वर्करों को कानूनी मान्यता देने के साथ सामाजिक सुरक्षा प्रदान की है। उन्होंने गिग वर्करों के प्रति राहुल गांधी की चिंता को दिखावटी प्यार बताया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस से तेलंगाना में छह गारंटियों और चुनाव प्रचार के दौरान किए गए अन्य वादों के क्रियान्वयन को लेकर जवाब मांगा।

मलकाजगिरी के सांसद एटाला राजेंद्र ने भी भारत समिट को लेकर राज्य सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि यह एक भारत-विरोधी सम्मेलन था, जिसका उद्देश्य विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करना था। उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार रोजगार, बेरोजगारी भत्ता, किसानों को सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है। राजेंद्र ने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता का पैसा ऐसे आयोजन पर खर्च किया, जिससे राज्य को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिला।

Next Story