
Telangana तेलंगाना : हैदराबाद में मंगलवार सुबह दिनदहाड़े अज्ञात लोगों ने एक भाकपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शहर के मलकपेट इलाके में हुई। मृतक की पहचान के. चंदू नाइक (47) के रूप में हुई है।
नाइक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य परिषद सदस्य थे। वह एक पार्क के पास सुबह की सैर कर रहे थे, तभी हथियारबंद हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। कई गोलियां लगने से भाकपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच की। बताया जा रहा है कि तीन-चार हमलावर एक कार में सवार होकर आए थे। सियासत डेली की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने पीड़ित की आँखों में कार पाउडर फेंक दिया ताकि वह भाग न सके।
आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नाइक की पत्नी ने दावा किया है कि राजेश नाम के एक व्यक्ति के साथ उनकी लंबे समय से दुश्मनी थी।
दिलचस्प बात यह है कि राजेश भाकपा (माले) से भी जुड़ा बताया जा रहा है। नाइक की हत्या से स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई है। पुलिस ने हत्या की जाँच शुरू कर दी है। हत्या के संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।





