
Hyderabad हैदराबाद: हैदराबाद के अलवल इलाके में बुधवार सुबह एक कार शोरूम में अचानक आग लग गई। आग ट्रू वैल्यू कार शोरूम में लगी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही घटना की सूचना मिली, मौके पर फायरफाइटर्स की टीम पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। शोरूम में लगी आग की वजह से आस-पास के इलाके में धुंआ फैल गया, जिससे राहत और बचाव कार्य में मुश्किलें आईं।
अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, और न ही इस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी मिली है। नुकसान की भी सही जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन शोरूम के अंदर कई कारों के जलने की आशंका जताई जा रही है।
फायरफाइटर्स आग बुझाने में जुटे हुए हैं, और पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया है ताकि स्थिति पर नजर रखी जा सके। आग की जांच के लिए एक टीम को भी भेजा गया है। फिलहाल, हादसे के कारण और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।





