
Telangana तेलंगाना: गर्मी के बढ़ते असर और बिजली की खपत को नियंत्रित करने के मकसद से केंद्र सरकार ने एयर कंडीशनर के ज़िम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। ऊर्जा मंत्रालय के अधीन ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को ऊर्जा-संरक्षण के लिए प्रेरित करना और पर्यावरण की रक्षा करना है।
हैदराबाद जैसे बड़े शहर, जहां एसी का उपयोग लगातार बढ़ रहा है, इस अभियान के विशेष केंद्र बिंदु हैं। अभियान के तहत लोगों को बताया जाएगा कि कैसे एसी का स्मार्ट तरीके से उपयोग कर बिजली बिल में कटौती की जा सकती है और साथ ही पर्यावरण पर असर भी कम किया जा सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह पहल सिर्फ उपभोक्ताओं को जागरूक करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक राष्ट्रीय स्तर की ऊर्जा रणनीति का हिस्सा है जो दीर्घकालीन ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेगी।





