तेलंगाना

सावधान! कहीं आप चांदी का वर्क समझकर 'एल्युमीनियम' तो नहीं खा रहे? फैक्ट्रियों पर छापा

jantaserishta.com
18 Nov 2026 9:31 AM IST
सावधान! कहीं आप चांदी का वर्क समझकर एल्युमीनियम तो नहीं खा रहे? फैक्ट्रियों पर छापा
x
पुलिस का बड़ा एक्शन.
हैदराबाद: काजू कतली हो या मीठा पान, ऊपर चमकती चांदी की पतली परत देखकर अक्सर लगता है कि मिठाई को खास तरीके से सजाया गया है. लेकिन अगर वही चमक चांदी की नहीं, एल्युमिनियम की हो तो? हैदराबाद में पुलिस ने ऐसी ही चार नकली वर्क बनाने वाली यूनिट का पता लगाया है. पुलिस का कहना है कि यहां खाने वाले चांदी के वर्क के नाम पर एल्युमिनियम की पन्नियां बनाई जा रही थीं.
पुलिस के मुताबिक, ये यूनिट चारमीनार और उसके आसपास के इलाकों में चल रही थीं. मंगलवार को हैदराबाद पुलिस की कमिश्नर टास्क फोर्स ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की. इस दौरान चार यूनिट के खिलाफ मामले दर्ज किए गए. चांदी का वर्क मिठाइयों और पान को सजाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. यह चांदी की बेहद पतली परत होती है, जिसे खाने के लिए बनाया जाता है.
पुलिस की जांच में सामने आया कि पकड़ी गई यूनिट में असली चांदी की जगह सस्ते एल्युमिनियम का इस्तेमाल किया जा रहा था. इसी से चांदी जैसा दिखने वाला वर्क, फ्लेक्स और सजावट का सामान बनाया जा रहा था. पुलिस के मुताबिक, इन यूनिट के पास वैध FSSAI लाइसेंस भी नहीं था. यहां तैयार किया गया नकली वर्क मिठाई बनाने वाली दुकानों और यूनिट को सप्लाई किया जाता था.
पुलिस के मुताबिक, एल्युमिनियम से बना नकली वर्क काजू कतली, काजू रोल और मीठे पान जैसी चीजों में इस्तेमाल के लिए भेजा जा रहा था. इसके अलावा एल्युमिनियम की परत चढ़ी चीनी की गोलियां भी बनाई जा रही थीं. इन्हें बेकरी में केक और दूसरी चीजों को सजाने के लिए सप्लाई किया जाता था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने नकली तैयार माल के साथ कच्चा सामान और मशीनरी भी जब्त की.
जब्त सामान में एल्युमिनियम से बने नकली चांदी के वर्क के 49 बंडल, नकली चांदी के फ्लेक्स यानी एल्युमिनियम फ्लेक्स, एल्युमिनियम की परत चढ़ी एक किलो चीनी की गोलियां, नकली वर्क बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और दूसरे कच्चे माल शामिल हैं.
पुलिस ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक खाने के साथ ऐसे एल्युमिनियम उत्पादों का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. फिलहाल पुलिस ने चार यूनिट के खिलाफ कार्रवाई की है. जांच का एक अहम सवाल यह भी है कि इन यूनिट से नकली वर्क और एल्युमिनियम से बने दूसरे उत्पाद किन-किन दुकानों और कारोबारियों तक सप्लाई किए जा रहे थे.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story