![तेदेपा के साथ गठबंधन महज अटकलबाजी : तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष तेदेपा के साथ गठबंधन महज अटकलबाजी : तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष](https://jantaserishta.com/h-upload/2023/06/04/2980385-1.webp)
x
हैदराबाद (आईएएनएस)| भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष बंदी संजय ने कुछ मीडिया रिपोर्टो को महज अटकलें बताते हुए खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया है कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तेलंगाना में भाजपा तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के साथ गठबंधन करेगी। संजय ने रविवार को अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि मीडिया में लगाई जा रहीं अटकलों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।
तेदेपा अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात के बाद गठबंधन के कयास लगाए गए थे।
2018 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से टीडीपी के बाहर निकलने के बाद नायडू की अमित शाह के साथ यह पहली मुलाकात थी।
शनिवार रात अमित शाह के दिल्ली स्थित आवास पर हुई बैठक करीब एक घंटे तक चली। माना जा रहा है कि तीनों नेताओं ने गठबंधन को पुनर्जीवित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की।
बताया जाता है कि उन्होंने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश दोनों में तेदेपा-भाजपा गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा की।
तेलंगाना में विधानसभा चुनाव 2023 के अंत में होने हैं, जबकि आंध्र प्रदेश विधानसभा के चुनाव अगले साल लोकसभा चुनाव के साथ होने की संभावना है।
संजय, जो एक भाजपा सांसद भी हैं, ने कहा कि नायडू के अमित शाह और नड्डा से मिलने में कुछ भी गलत नहीं था। उन्होंने टिप्पणी की कि भाजपा नेता विपक्षी नेताओं और लोगों से मिलने से परहेज नहीं करते हैं।
भाजपा नेता ने यह भी कहा कि "भाजपा राज्य के हितों को गिरवी रखने के लिए मुख्यमंत्री केसीआर की तरह नहीं है"।
--आईएएनएस
![Rani Sahu Rani Sahu](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/03/14/1542683-copy.webp)
Rani Sahu
Next Story