गरीबी दूर करने वाले विभाग के अधिकारी पर ACB की रेड, 1.8 किलो सोना-12 जमीनें और लग्जरी गाड़ियां

हैदराबाद : तेलंगाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शहरी गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए काम करने वाले सरकारी मिशन के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। एसीबी ने मिशन फॉर एलिमिनेशन ऑफ पॉवर्टी इन म्युनिसिपल एरियाज (MEPMA) के अतिरिक्त निदेशक नल्लागुंटला यदागिरी राव के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे जुड़े 10 ठिकानों पर तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में करीब 4 करोड़ 75 लाख 61 हजार 171 रुपए मूल्य की संपत्तियों का पता चला है। एसीबी के अनुसार, अधिकारी पर अपनी ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। रंगारेड्डी रेंज की एसीबी टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 3 नवंबर को अधिकारी के आवास, कार्यालय, बैंक लॉकर और उनके रिश्तेदारों, सहयोगियों तथा कथित बेनामीदारों से जुड़े स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।





