Virudhunagar: फैक्ट्री ब्लास्ट से मचा हड़कंप, राहत-बचाव जारी

विरुदुनगर: तमिलनाडु के विरुदुनगर में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक पटाखा यूनिट में हुए जोरदार धमाके (Massive explosion) ने इतना विकराल रूप ले लिया कि देखते ही देखते पास की चार अन्य यूनिट्स भी आग की चपेट में आ गईं। इस हादसे में अब तक 16 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि 6 घायल बताए जा रहे हैं।
विस्फोट इतना जबरदस्त था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर तक सुनी गई। कट्टनारपट्टी स्थित इस क्रैकर यूनिट में धमाके के बाद आसपास की इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है, कई घरों की दीवारों में दरारें आ गईं और खिड़कियों के कांच टूट गए। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-बधर भागने लगे।
मिली जानकारी के मुताबिक, कट्टनार पट्टी में एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ। इस फैक्ट्री में फैंसी पटाखे बनते हैं। इस फैक्ट्री के मालिक गोविंदनाल्लूर के रहने वाले मुथु मानिकम हैं। आज दोपहर, फैक्ट्री में उस समय एक धमाका हो गया जब मजदूर पटाखों की लड़ियां पिरोने का काम कर रहे थे। घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए विरुदुनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग, पुलिस और आपदा राहत टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है। मलबे को हटाने के लिए भारी मशीनरी का उपयोग किया जा रहा है ताकि दबे हुए लोगों को निकाला जा सके। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।





