तमिलनाडू

रस्सी के सहारे तनिष्क शोरूम में उतरा चोर, सोने-हीरे के गहने लेकर फरार

jantaserishta.com
13 Nov 2026 10:06 AM IST
रस्सी के सहारे तनिष्क शोरूम में उतरा चोर, सोने-हीरे के गहने लेकर फरार
x
9 विशेष टीमें एक्शन में.
मदुरै: तमिलनाडु के मदुरै में तनिष्क के नए शोरूम से करोड़ों रुपये के गहने चोरी हो गए. चोर ने वारदात को अंजाम देने के लिए ऐसा रास्ता चुना, जिसके बारे में शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा. वह लिफ्ट लगाने के लिए छोड़े गए खुले हिस्से से रस्सी के सहारे शोरूम के अंदर उतरा. गुरुवार सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे तो बिक्री के लिए रखे सोने और हीरे के गहने गायब मिले. CCTV फुटेज में काले कपड़े और चेहरे पर नकाब पहने एक शख्स दिखाई दिया है. पुलिस को शक है कि इस चोरी को अकेले चोर ने अंजाम दिया.
यह घटना मदुरै के नेहरू नगर में नेताजी मेन रोड स्थित तनिष्क शोरूम की है. यह शोरूम 14 अक्टूबर को ही शुरू हुआ था. गुरुवार सुबह कर्मचारी पहुंचे तो गहने गायब देखकर पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच की तो एक नकाबपोश शख्स दिखाई दिया. उसने काले कपड़े पहन रखे थे. वह लिफ्ट लगाने के लिए छोड़े गए खुले हिस्से से इमारत में दाखिल हुआ. बताया जा रहा है कि उसने लिफ्ट के काम में इस्तेमाल हो रही रस्सी के सहारे नीचे उतरकर ग्राउंड फ्लोर पर रखे गहने चुरा लिए.
शोरूम तीन मंजिला इमारत में है. ग्राउंड फ्लोर पर गहनों की बिक्री होती थी, जबकि दूसरी मंजिल खाली थी. तीसरी मंजिल पर गहने रखने के लिए लॉकर लगाए जा रहे थे. शोरूम नया होने के कारण लिफ्ट लगाने के साथ पेंटिंग, बिजली और प्लंबिंग का काम भी चल रहा था.
इमारत के पीछे लोहे की मचान बनाई गई थी. पुलिस को शक है कि चोर इसी मचान के सहारे इमारत तक पहुंचा होगा. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण, सजावट या शोकेस लगाने के काम से जुड़े किसी व्यक्ति का इस वारदात में हाथ तो नहीं है.
मामले की जानकारी मिलते ही SS Colony पुलिस मौके पर पहुंची. मदुरै के पुलिस कमिश्नर राजेंद्रन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. जांच के लिए डिप्टी कमिश्नर इनिगो दिव्यन के नेतृत्व में 9 विशेष टीमें बनाई गई हैं.
पुलिस ने शोरूम और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज जुटाई है. रात 3 बजे से इलाके से गुजरने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है. उनके मालिकों से पूछताछ हो रही है. चोर की तस्वीर मदुरै के प्रमुख बस टर्मिनलों और रेलवे स्टेशनों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भेजी गई है.
चोरी से पहले शोरूम में करीब 13 किलो सोने के गहने और 3 किलो हीरे का स्टॉक था. हालांकि, इनमें से कितने गहने चोरी हुए हैं और कुल नुकसान कितना हुआ है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस गहनों का हिसाब लगा रही है.
शोरूम रेलवे स्टेशन के पास है. पुलिस को शक है कि आरोपी ट्रेन से केरल या उत्तर भारत की ओर भाग सकता है. इसी वजह से रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाई गई है. मदाकुलम, नेहरू नगर और बाइपास रोड समेत आसपास के इलाकों में भी उसकी तलाश की जा रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story