
Tamil Nadu तमिलनाडु: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राज्य में नई सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, अभिनेता से नेता बने विजय के गुरुवार (7 मई) को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर TDP के सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद विजय ने राज्यपाल को पत्र भेजकर सरकार बनाने का अधिकार देने की मांग की है।
हालांकि, इस बीच राजभवन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि अभी तक TDP को सरकार बनाने के लिए कोई आधिकारिक आमंत्रण नहीं दिया गया है। इसके बावजूद शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को तमिलनाडु सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शपथ ग्रहण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस बैठक में मुख्य सचिव एम. साईकुमार, गृह सचिव के. मणिवासन और पुलिस महानिदेशक (DGP) संदीप रॉय राठौर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संभावित शपथ ग्रहण समारोह स्थल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विचार किया।
सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किए जाने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक स्तर पर वहां आवश्यक तैयारियों की योजना बनाई जा रही है। बड़ी संख्या में लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को लेकर लगातार चर्चाएं जारी हैं। हालांकि आधिकारिक रूप से सरकार गठन की प्रक्रिया को लेकर अभी अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। इसके बावजूद प्रशासनिक तैयारियों ने राजनीतिक हलचल को और बढ़ा दिया है।
विजय के संभावित शपथ ग्रहण को लेकर राज्य में समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है, वहीं प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।





