तमिलनाडू

Tamil Nadu: चुनाव से पहले चेन्नई में सर्वदलीय बैठक, खर्च और सुरक्षा पर चर्चा

Kavita2
21 April 2026 9:30 AM IST
Tamil Nadu: चुनाव से पहले चेन्नई में सर्वदलीय बैठक, खर्च और सुरक्षा पर चर्चा
x

Tamil Nadu तमिलनाडु: विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए चेन्नई जिले की 16 विधानसभा सीटों को लेकर सोमवार को एक सर्वदलीय परामर्श बैठक आयोजित की गई। यह बैठक इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के कार्यालय परिसर में हुई, जिसमें DMK, AIADMK और BJP समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में चुनाव प्रचार के दौरान सामने आ रही समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के केंद्रीय विशेष पर्यवेक्षक प्रताप सिंह ने मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए राजनीतिक दलों के साथ यह संवाद किया गया, जिसमें दलों ने अपनी-अपनी राय भी रखी।

उन्होंने बताया कि राज्य की 105 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों द्वारा चुनाव आयोग की तय खर्च सीमा से अधिक खर्च करने के मामले सामने आए हैं। अब तक राज्यभर में करीब 1,200 करोड़ रुपये की नकदी, सोना-चांदी और मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। इनमें से लगभग 500 करोड़ रुपये के मामलों में केस दर्ज किए गए हैं। मादक पदार्थों की सबसे अधिक जब्ती तिरुवल्लूर जिले में हुई है, जबकि इसके बाद चेन्नई का स्थान है।

जिला चुनाव अधिकारियों ने चेन्नई जिले के सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इसके तहत चेन्नई के बॉर्डर क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की जाएगी। साथ ही, मोबाइल ऐप के माध्यम से अवैध रूप से पैसे के लेन-देन को रोकने के लिए इनकम टैक्स विभाग के साथ मिलकर निगरानी की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार चेन्नई, सलेम और होसुर में राजनीतिक दलों द्वारा मतदाताओं को टोकन बांटने के मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा पूरे तमिलनाडु में 5,938 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

चुनाव आयोग को अब तक लगभग 2 लाख पोस्टल वोट प्राप्त हो चुके हैं। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 155 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। वहीं, राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पैरामिलिट्री फोर्स की 300 कंपनियां बुलायी गई हैं।

चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब प्रशासन का पूरा ध्यान मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने पर केंद्रित है। 23 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि सभी मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Next Story