
Karnataka कर्नाटक: राज्य के विजयनगर जिले के जंगल इलाके में चंदन के रंग की खाल और फर और हल्के भूरे धब्बों वाला एक दुर्लभ तेंदुआ देखा गया है। इसे खोजने वाली वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट्स की टीम ने इसका नाम 'सैंडलवुड लेपर्ड' रखा है।
कल्याण कर्नाटक इलाके में वाइल्डलाइफ पर स्टडी करने वाली होलेमट्टी नेचर फाउंडेशन (HNF) ने विजयनगर जिले के जंगल इलाके में कैमरा ट्रैपिंग डिवाइस लगाए थे। इन कैमरों ने कई बार दुर्लभ 'सैंडल लेपर्ड' को कैप्चर किया है।
आम तेंदुओं की खाल पीले-भूरे रंग की होती है और उस पर काले धब्बे होते हैं। हालांकि, इस तेंदुए का फर चंदन के रंग जैसा लाल-गुलाबी और भूरे धब्बे हैं। दुनिया भर में इस तरह के कुछ ही तेंदुए पाए गए हैं।
HNF ने अपनी घोषणा में कहा, "दुनिया भर में, इस प्रजाति को स्ट्रॉबेरी लेपर्ड के नाम से जाना जाता है। हालांकि, इस वैरिएंट का नाम 'चंदना लेपर्ड' रखा गया है ताकि इसे एक लोकल पहचान मिल सके और यह कर्नाटक की सांस्कृतिक विरासत को दिखा सके।" 2021 में इस तेंदुए को साउथ अफ्रीका में कुछ बार, एक बार तंजानिया में और राजस्थान के राणाकपुर में देखा गया था। HNF के अनुसार, यह भारत में दूसरी बार और कर्नाटक में पहली बार ऐसा तेंदुआ देखा गया है।
HNF टीम, जिसमें संजय गुब्बी, संदेश अप्पू नाइक, श्रवण सुतार, पूर्णेश एच.सी., रूमा कंदुरकर, रविचंद्र वेलिप, दयानंद मिराशी, सुमित वेलिप, ऐश्वर्या कारंत और मयूरा मिराशी शामिल हैं, इस तेंदुए पर स्टडी कर रही है।





