
x
अरियालुर, तमिलनाडु के अरियालुर जिले में रोहित शर्मा के फैन (Rohit Sharma fan) को विराट और आरसीबी की टीम (RCB team) का मजाक बनाना भारी पड़ गया। आरसीबी का मजाक बनाए जाने से नाराज उसके दोस्त ने ही उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार दोनों दोस्त शराब के नशे में विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर बहस कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी धर्मराज ने अपने दोस्त विगनेश की हत्या (murder) कर दी। हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह पुलिस कस्टडी में है। मृतक की पहचान पी विगनेश के रूप में हुई है। दोनों क्रिकेट के खेल में काफी रुचि रखते थे।
विगनेश रोहित शर्मा और मुंबई इंडियंस का फैन था, जबकि धर्मराज को विराट कोहली और आरसीबी की टीम पसंद थी। मंगलवार रात ये दोनों क्रिकेट पर बात कर रहे थे। दोनों शराब के नशे में थे। धर्मराज बोलते समय हकलाता था और विगनेश अक्सर इसका मजाक बनाया करता था। मंगलवार के दिन भी विगनेश ने धर्मराज के हकलाने का मजाक बनाया और आरसीबी की टीम के साथ विराट कोहली पर भी कई टिप्पणियां की। शराब के नशे में धर्मराज को यह पसंद नहीं आया और उसने अपने ही दोस्त पर बोतल से हमला कर दिया। इसके बाद उसके सिर पर क्रिकेट बैट से भी वार किया और घटना स्थल से निकल गया। अगले दिन सुबह विगनेश का शव सिडको फैक्ट्री में काम करने जा रहे कुछ मजदूरों ने देखा और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
Source : Uni India
Next Story