तमिलनाडू

मुख्यमंत्री बने पिता विजय तो बढ़ी जिम्मेदारी, बेटे जेसन संजय ने बताया अपना सपना

Ratna Netam
3 Aug 2026 3:22 PM IST
मुख्यमंत्री बने पिता विजय तो बढ़ी जिम्मेदारी, बेटे जेसन संजय ने बताया अपना सपना
x

तमिलनाडु : तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय के बेटे जेसन संजय अब अपने करियर की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। अभिनय की बजाय उन्होंने निर्देशन की राह चुनी है और जल्द ही अपनी पहली फिल्म के जरिए बतौर डायरेक्टर इंडस्ट्री में कदम रखने वाले हैं। इसी बीच जेसन संजय ने पहली बार अपने निजी जीवन, परिवार और करियर को लेकर खुलकर बातचीत की है। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता विजय की लोकप्रियता और उपलब्धियों का सम्मान करते हैं, लेकिन अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं।

जेसन संजय ने अपने पिता से तुलना किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें थलपति विजय से जोड़कर न देखें, क्योंकि दोनों का सफर अलग है। उन्होंने खासतौर पर डांस को लेकर कहा कि वह अपने पिता की तरह प्राकृतिक डांसर नहीं हैं और डांस किसी भी व्यक्ति के लिए लगातार अभ्यास से बेहतर होता है।

संजय ने कहा, "मैं नेचुरल डांसर नहीं हूं। कृपया मेरी तुलना मेरे पापा से मत कीजिए।" उन्होंने बताया कि उनके पिता विजय एक शानदार डांसर हैं, लेकिन हर किसी की अपनी क्षमता और मेहनत होती है। उन्होंने कहा कि वह अपनी कमियों को स्वीकार करते हैं और अपने काम के जरिए खुद को साबित करना चाहते हैं।

जेसन संजय ने अपने बचपन की एक याद भी साझा की। उन्होंने बताया कि वह अपने पिता की फिल्म "वेट्टईकारन" के एक लोकप्रिय गाने "नान अडिचा थांगामट्टा" में नजर आए थे। हालांकि उस समय वह केवल 8-9 साल के थे, इसलिए उन्हें शूटिंग से जुड़ी ज्यादा बातें याद नहीं हैं। अब जब वह खुद निर्देशन के क्षेत्र में आ गए हैं तो बचपन के वे पल उन्हें फिर से याद आने लगे हैं।

अपने पिता थलपति विजय से मिली सबसे बड़ी सीख के बारे में जेसन संजय ने कहा कि विजय ने उन्हें हमेशा अपनी अलग पहचान बनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने कभी भी अपने नाम या स्टारडम का सहारा लेने के लिए नहीं कहा। बल्कि विजय ने उन्हें समझाया कि अगर किसी भी समय मदद की जरूरत होगी तो वह हमेशा साथ खड़े रहेंगे, लेकिन सफलता हासिल करने के लिए उन्हें खुद मेहनत करनी होगी।

जेसन संजय के मुताबिक, उनके पिता की यही सीख उन्हें अपने करियर में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि वह विजय की उपलब्धियों को अपनी ताकत मानते हैं, लेकिन अपने काम और प्रतिभा के दम पर पहचान बनाना चाहते हैं। उनका मानना है कि किसी बड़े कलाकार के परिवार से आने की वजह से जिम्मेदारी जरूर बढ़ जाती है, लेकिन मेहनत और लगन से ही सफलता हासिल की जा सकती है।

संजय ने अपनी मां संगीता के बारे में भी कई दिलचस्प बातें बताईं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी मां किसी जासूस से कम नहीं हैं। वह हमेशा पता लगा लेती थीं कि वह क्या कर रहे हैं। उन्होंने बचपन का एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक बार वह बिना बताए रात में कार लेकर निकल गए थे। उस दौरान उनका मोबाइल फोन भी बंद था। परिवार काफी परेशान हो गया था और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की स्थिति बन गई थी। अगले दिन जब वह वापस लौटे तो उन्हें घरवालों से काफी डांट सुननी पड़ी।

वहीं, जेसन संजय ने यह भी कहा कि उनके पिता विजय का तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनना परिवार के लिए ऐतिहासिक पल था। उन्होंने कहा कि इस नई जिम्मेदारी के साथ परिवार पर भी एक बड़ी जिम्मेदारी आ गई है कि वह विरासत की गरिमा को बनाए रखें। उन्होंने बताया कि पिता की राजनीतिक यात्रा और उपलब्धियां उनके लिए गर्व का विषय हैं।

जेसन संजय इन दिनों अपनी पहली निर्देशित फिल्म "सिग्मा*" को लेकर चर्चा में हैं। यह एक एक्शन-एडवेंचर फिल्म है, जिसमें अभिनेता सुंदीप किशन और फरिया अब्दुल्ला मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के जरिए जेसन संजय निर्देशन की दुनिया में अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं।

पहले इस फिल्म को 31 जुलाई को रिलीज किया जाना था, लेकिन थलपति विजय की विदाई फिल्म "जन नायकन" की रिलीज के कारण इसकी रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया। अब फिल्म अगस्त में रिलीज होने की संभावना जताई जा रही है। जेसन संजय का कहना है कि वह दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं और अपनी एक अलग पहचान बनाने का सपना लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

Next Story