
Odisha ओडिशा : ब्रह्मपुरा के गांधीनगर इलाके में सेना की वर्दी पहने और गुजरात पुलिस का फर्जी पहचान पत्र लेकर घूमने वाले एक व्यक्ति को स्थानीय टाउन थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. ब्रह्मपुरा एसपी सरवण विवेक एम ने बताया कि उसके पास से सेना की वर्दी (शर्ट), भारतीय सेना लिखी टोपी, खाकी पैंट और गुजरात पुलिस लिखा फर्जी पहचान पत्र जब्त किया गया है. एसपी ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम राजू संतरा (40) बताया है और वह अमृतसर जिले (पंजाब) के वाघा बॉर्डर का रहने वाला है. उन्होंने कहा कि इन विवरणों की अभी पुष्टि होनी है. उसने बताया कि वह वाघा बॉर्डर पर कार्यरत है और ड्यूटी पर गंजम जिले के गोपालपुर सेना छावनी में आया है. पुलिस ने इसकी जांच की तो पता चला कि वह सेना में कार्यरत नहीं है और उसके पास मिला गुजरात पुलिस का पहचान पत्र भी फर्जी है. उन्होंने कहा कि इस मामले की गहन जांच की जा रही है।





