तमिलनाडू
कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर के मामले में एमके स्टालिन का टीवीके सरकार पर हमला, विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
jantaserishta.com
24 Nov 2026 11:02 AM IST

x
चेन्नई: तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर जे. पद्मजा और टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश के बीच विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने टीवीके सरकार पर विवाद को दबाने का आरोप लगाया। एमके स्टालिन ने कहा कि अगर एक जिला कलेक्टर के साथ ऐसी स्थिति है, तो तमिलनाडु में रहने वाली आम महिलाओं के बारे में सोचकर ही चिंता होती है।
एमके स्टालिन ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को जिला कलेक्टर को बुलाकर उनसे बात करनी चाहिए थी। उन्हें यह भरोसा दिलाना चाहिए था कि सरकार उनके साथ खड़ी है। सरकार को दोषी विधायक की निंदा करनी चाहिए थी और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए थी।"
उन्होंने कहा कि जो भी सरकार महिलाओं की सुरक्षा और शासन की गरिमा को महत्व देती है, वह निश्चित रूप से ऐसा ही करती। लेकिन, अपनी पार्टी के विधायक और अपनी अल्पमत सरकार को बचाने के इरादे से मुख्यमंत्री ने इस घटना को हर तरह से दबाने की कोशिश की। यही कारण है कि पीड़ित महिला अधिकारी को औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराने में लंबा समय लग गया।
डीएमके प्रमुख ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "अगर एक जिला कलेक्टर के साथ ऐसी स्थिति है, तो तमिलनाडु में रहने वाली आम महिलाओं की क्या हालत होगी, यह सोचकर ही चिंता होती है। इसके अलावा, सत्ता के भूखे कुछ पार्टी नेताओं का पीड़िता के साथ खड़े होने के बजाय, विधायक का समर्थन करते हुए उसे 'बेचारा विधायक' कहना, शर्मनाक है।"
स्टालिन ने आरोप लगाया, "सरकार को कई तरह से इस घटना की जानकारी मिलने के बावजूद उसने कोई कार्रवाई नहीं की और अब अदालत में भी झूठ बोल रही है, जो कि बेहद निंदनीय है। हम लगातार कहते आ रहे हैं कि टीवीके के सदस्य ही यौन अपराधों, नशीली दवाओं की तस्करी और लूटपाट जैसी घटनाओं में सबसे ज्यादा शामिल हैं, और यह बात हर दिन सच साबित हो रही है। बिना किसी देरी के, कल्लाकुरिची के टीवीके विधायक को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनसे पूछताछ होनी चाहिए।"
दरअसल, कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर पद्मजा ने टीवीके विधायक सी अरुल विग्नेश पर कथित उत्पीड़न और गलत व्यवहार के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि टीवीके विधायक ने कथित रूप से जिला कलेक्टर को अश्लील व्हाट्सऐप संदेश भी भेजे थे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





