
x
चेन्नई कनेक्शन से सामने आई खौफनाक कहानी
चेन्नई : आगरा में ट्रेन के अंदर मिले एक सूटकेस ने एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी खोल दी है। सूटकेस में मिले सड़े-गले मानव अंगों की जांच करते हुए पुलिस को मामले के तार चेन्नई तक पहुंचे हैं। जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड का कनेक्शन चेन्नई के एक घर से जुड़ा हुआ है, जहां तलाशी के दौरान पुलिस को मानव शरीर के कुछ और हिस्से मिलने की बात सामने आई है। इस मामले में दो संदिग्ध फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, चेन्नई से नई दिल्ली जा रही एक ट्रेन में आगरा रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध सूटकेस मिला था। यात्रियों ने सूटकेस से दुर्गंध आने की सूचना दी थी। इसके बाद रेलवे पुलिस ने जब सूटकेस खोला तो उसमें सड़े-गले मानव शरीर के अंग बरामद हुए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने जांच के दौरान रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान दो संदिग्धों की पहचान हुई, जिनके जरिए जांच आगे बढ़ी। पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर चेन्नई के गुडुवनचेरी इलाके में स्थित एक घर तक पहुंच बनाई गई। यहां तलाशी लेने पर पुलिस को कथित तौर पर मानव शरीर के कुछ और सड़े-गले हिस्से मिले। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह मामला ओडिशा की रहने वाली एक 38 वर्षीय महिला से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी वैज्ञानिक जांच और डीएनए रिपोर्ट के आधार पर अंतिम पुष्टि की बात कही है। बरामद किए गए सभी साक्ष्यों को जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों की पहचान माणिक उद्दीन लस्कर और भगवती माझी के रूप में की है। दोनों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह और पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि महिला के बेटे की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला भी दर्ज कराया गया था। अब पुलिस उसी कड़ी को जोड़ते हुए हत्या की जांच आगे बढ़ा रही है। जांच टीम मोबाइल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इस घटना ने रेलवे सुरक्षा और अपराधियों द्वारा सबूत छिपाने के तरीकों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए ट्रेन का इस्तेमाल किया होगा। फिलहाल जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस खौफनाक वारदात से जुड़े कई और राज सामने आने की उम्मीद है।
Next Story





