
जनता से रिश्ता वेबडेस्क : कांग्रेस ने कहा है कि मोदी सरकार के पास चीनी घुसपैठ रोकने के लिए स्पष्ट नीति नहीं है जिसके कारण सीमा पर उसकी गतिविधियां तेज होने के साथ ही भारतीय सीमा में चीनी घुसपैठ लगातार बढ़ रही है लेकिन सरकार इस पर चुप्पी साधे है। कांग्रेस प्रवक्ता गौरव गोगोई ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले चीन को 'लाल आंख' दिखाने की बात करते थे, लेकिन अब लगता है कि वह चीन का नाम लेने से भी डरते हैं।गलवान में देश के 20 बहादुर सैनिकों को खोने के चार दिन बाद 19 जून 2020 को एक सर्वदलीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घुसपैठ को लेकर चीन को क्लीन चिट देते हुए कहा था 'न यहां कोई हमारी सीमा में घुस आया है, न ही कोई घुसा हुआ है।' उन्होंने कहा कि मोदी के इस बयान के बावजूद भारत ने ऐसे 1,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर अपना नियंत्रण खो दिया है जहां हमारे सैनिक पहले गश्त कर सकते थे। उन्होंने कहा कि चीन को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों की स्पष्ट नीति रही है और बातचीत के जरिए चीन पीछे हटता रहा था।





