सिक्किम

Gangtok: नेपाली भाषा मान्यता दिवस पर पूरे प्रदेश में उल्लास

Admindelhi1
20 Aug 2025 2:37 PM IST
Gangtok: नेपाली भाषा मान्यता दिवस पर पूरे प्रदेश में उल्लास
x

गंगटोक: आज 34वां नेपाली भाषा मान्यता दिवस है। 20 अगस्त, 1992 को एक लंबे संघर्ष के बाद नेपाली भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में मान्यता मिली थी। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने समस्त नेपाली भाषी समुदाय को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल माथुर ने अपने संदेश में कहा, 'आज दुनिया भर के नेपाली भाषी समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक और खुशी का अवसर है। यह दिन हमें भारत के लाखों नेपाली भाषी लोगों के लंबे और गंभीर संघर्ष की याद दिलाता है, जो अपनी संस्कृति, भाषा और जीवनशैली के माध्यम से भारतीय संघ के भीतर अपनी वास्तविक पहचान स्थापित करना चाहते थे। संविधान की आठवीं अनुसूची में नेपाली भाषा को मान्यता मिलना, समुदाय के व्यापक राष्ट्रीय ताने-बाने में भावनात्मक और सांस्कृतिक एकीकरण का प्रतीक है।'

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने अपने संदेश में कहा, 'आज का दिन केवल एक ऐतिहासिक स्मरणोत्सव ही नहीं है, यह हमारे सामूहिक संघर्ष, सतत प्रयासों, असीम धैर्य और अदम्य साहस का अमर प्रतीक भी है। यह महत्वपूर्ण दिन हमें अतीत के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है और उस बलिदानी भूमि पर खड़े होकर हमें अपनी मातृभाषा और संस्कृति की अमूल्य धरोहर को गौरवपूर्वक भावी पीढ़ियों को सौंपने की अटूट प्रेरणा देता है। भाषा संग्रामियों के कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और अद्वितीय त्याग के कारण ही नेपाली भाषा संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल हुआ है।'

माना जाता है कि वर्ष 1956 से नेपाली भाषा को मान्यता दिलाने के आंदोलन की शुरुआत देहरादून से हुई थी। बाद में यह आंदोलन पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब आदि राज्यों में फैल गया।

सिक्किम के मुख्यमंत्री स्वर्गीय नर बहादुर भंडारी और उनकी धर्मपत्नी पूर्व लोकसभा सांसद दिल कुमार भंडारी ने नेपाली भाषा को मान्यता दिलाने में रचनात्मक और निर्णायक भूमिका निभाई। भारतीय गोरखाओं के 36 वर्षों के लोकतांत्रिक संघर्ष के बाद 20 अगस्त, 1992 को नेपाली भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया।

ज्ञातव्य, सिक्किम की वर्तमान सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा पार्टी की सरकार ने 2022 से राज्य में 20 अगस्त को राजपत्रित अवकाश घोषित किया है।

Next Story