सिक्किम
राष्ट्रपति चुनाव लड़ रहे किसी उम्मीदवार का समर्थन जुटाने के लिए सिक्किम हुआ आना
Shiddhant Shriwas
12 July 2022 1:59 PM IST

x
सिलीगुड़ी। पहली बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ रहे किसी उम्मीदवार का समर्थन जुटाने के लिए सिलीगुड़ी आना हुआ है। शहर से सटे सुकना स्थित एक टी-रिसार्ट में पड़ोसी राज्य सिक्किम के मुख्यमंत्री समेत पूरे मंत्रीमंडल, विधायक और सांसदों के साथ बैठक करने के लिए राष्ट्रपति पद की एनडीएम उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू सोमवार को सिलीगुड़ी पहुंची। इस दौरान उन्होंने मौसम की वजह से सिक्किम नहीं जा पाने पर अफसोस प्रकट किया लेकिन साथ ही यह भी कहा कि राष्ट्रपति के रूप में वह अवश्य सिक्किम आएंगी। बैठक के बाद वह बागडोगरा एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए रवाना हो गई। कोलकाता में मंगलवार को उत्तर बंगाल के भाजपा विधायक और सांसदों के साथ उनकी बैठक होनी है।
इससे पहले बैठक के दौरान मुर्मू ने कहा कि एक फूल से गुलदस्ता नहीं बनता है। हमारा यह महान देश भारत भी रंग-बिरंगे हर प्रकार के फूल-पत्तियों की भांति कई जाति, धर्म, भाषा और अलग-अलग प्रकार की विशेषताओं वाले राज्यों का समूह है। जनसंख्या और क्षेत्रफल के आधार पर सिक्किम भले ही छोटा राज्य है, लेकिन देश के विकास में इसका बड़ा योगदान है। द्रौपदी मुर्मू ने सिलीगुड़ी के एक टी-रिसार्ट में यह बैठक हुई। उक्त बैठक के मंच पर राष्ट्रपति पद की एनडीए उम्मीदवार के साथ केंद्रीय जल-शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय पोर्ट और शिपिंग मंत्री व असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनेवाल, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सांसद संबित पात्रा, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) और सिक्किम प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष डीबी चौहान विराजमान थे। सिक्किम के विरोधी दल के विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग और कृषि मंत्री लोक नाथ शर्मा किसी विशेष कारण की वजह से इस बैठक में उपस्थित नहीं हो पाए। लेकिन पत्र भेजकर द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन देने का भरोसा जताया है। इन दोनों को छोड़कर सिक्किम के मुख्यमंत्री समेत तीस विधायक और दो सांसद आज की बैठक में उपस्थित थे।
बैठक के बाद द्रौपदी मुर्मू के कोलकाता रवाना होने के बाद भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू की जीत तय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पिछड़े वर्ग को विकास की धारा में ले जाने का कार्य बीते आठ वर्षो में किया है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि असंवैधानिक जीटीए के सभासदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री दार्जिलिंग पहुंची हैं लेकिन राष्ट्रपति उम्मीदवार से मुलाकात तक नहीं की। वह मुलाकात करती भी क्यों, उन्हें तो आदिवासी, राजवंशी और गोरखाओं से बैर है। वह आदिवासियों से ग्लब्स पहन कर हाथ मिलाती है। सिक्किम भाजपा अध्यक्ष डीबी चौहान ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत पूरे मंत्रीमंडल, विधायक और सांसदों ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का वादा किया है। पहली बार राष्ट्रपति उम्मीदवार के इस तरह सिक्किम के जन प्रतिनिधियों से मुलाकात का कार्यक्रम हुआ है।
सिक्किम के मुख्यमंत्री पीएस गोले के राजनीतिक प्रवक्ता जैकब खालिंग ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने सिक्किम को देश के गुलदस्ते का एक अहम फूल का दर्जा दिया है। सिक्किम के मुख्यमंत्री ने तहे दिल से उनका स्वागत किया है। बागडोगरा एयरपोर्ट से सुकना स्थित टी रिसार्ट तक सड़क के दोनों किनारे पर लोग द्रौपर्दी मुर्मू के स्वागत में खड़े थे। रिसार्ट के प्रवेश द्वार पर न्यू चामटा आदिवासी समाज पारंपरिक वेश और वाद्य यंत्रों के साथ उनका अभिवादन किया। इसके बाद सिक्कम की पारंपरिक वेश और अलग-अलग वाद्य यंत्रों के साथ उपस्थित युवाओं ने द्रौपदी मुर्मू का अभिनंदन किया। सिक्किम के मुख्यमंत्री समेत विधायक और सांसदों के साथ दार्जिलिंग के सांसद राजू सिंह बिष्ट, माटीगाड़ा नक्सलबाड़ी के विधायक आनंदमय बर्मन, फांसीदेवा के विधायक दुर्गा मुर्मू, भाजपा नेता नांटू पाल, कन्हैया पाठक, पार्षद अमित जैन, लक्ष्मी शर्मा व अन्य ने भी खादा देकर उनका स्वागत किया। द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समुदाय की हैं। इस समुदाय के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। काफी संख्या में आदिवासी महिलाएं द्रौपदी मुर्मू की तस्वीर लेकर सड़क किनारे खड़ी थीं।
Next Story





