रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ ठंडी वादियां के साथ शुरू हुआ शरद महोत्सव

सिरोही। सिरोही पर्यटन स्थल माउंट आबू में जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग, नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शरद महोत्सव का शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा के साथ रंगारंग आगाज हुुआ। कलाकारों के घुंघरूओं की खनक से माउंट की वादियां गूंज उठी। पेट्रोल पंप से विशाल शोभायात्रा को उपखंड अधिकारी सिद्धार्थ पालानीचामी, पालिका अध्यक्ष जीतू राणा, उपाध्यक्ष …
सिरोही। सिरोही पर्यटन स्थल माउंट आबू में जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग, नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शरद महोत्सव का शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा के साथ रंगारंग आगाज हुुआ। कलाकारों के घुंघरूओं की खनक से माउंट की वादियां गूंज उठी। पेट्रोल पंप से विशाल शोभायात्रा को उपखंड अधिकारी सिद्धार्थ पालानीचामी, पालिका अध्यक्ष जीतू राणा, उपाध्यक्ष रणजीत बनौधा, पर्यटन सहायक निदेशक भैरों सिंह, आयुक्त रामकिशोर, पालिका पार्षदों आदि ने हरी झंडी दिखाकर रवानगी दी। शोभायात्रा के दौरान लोकगीतों, संगीत की स्वर लहरियों के साथ सड़कों पर थिरकते लोक नर्तकों की घुंघुरूओं की खनक से आबू की शीतल वादियां सराबोर हो उठी। शोभायात्रा में बैंड पार्टी के साथ लोक कलाकार हाथों में महोत्सव का बैनर लिए चल रहे थे। रंग बिरंगे झंडे, अपने वाद्ययंत्रों को बजाते चल रहे थे।
शृंखलाबद्ध चली शोभायात्रा में कलाकार अपनी कलाओं का जादू बिखेरते लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेे। शोभायात्रा में लोक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देते हुए दर्शकों का समा बांधे रखा। जिसके चलते रमेश बैण्ड की धुन पर चरी नृत्य, कालबेलिया, गैर नृत्य, चंग-ढप नृत्य, सहरिया नृत्य, आदिवासी नृत्य, कच्छी घोड़ी, बहुरूपिया, चकरी नृत्य आदि की प्रस्तुतियां शोभायात्रा को चार चांद लगाती रहीं। शोभायात्रा पेट्रोल पंप से आरंभ होकर कोल डिपो, बस स्टैण्ड, रोटरी सर्कल, चाचा म्युजियम, अर्बुदा चौक, वाल्टर तिराहा होते हुए नक्की चौक पहुंची। लोक नर्तक अपनी परंपरागत शैली में नृत्यों का जादू बिखेरते यात्रा के साथ जहां-जहां से गुजरे, सड़क के दोनों ओर दर्शकों का जनसैलाब तालियों की जोरदार गड़गड़ाहट कर उनकी हौसला अफजाई करता रहा। होटलों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की छतों से लेकर बुद्धाफाल उद्यान तक लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। यात्रा के नक्की झील पहुंचने पर कलाकारों ने क्रमवार प्रस्तुतियां देकर पर्यटकों की खूब दाद लूटी।
