राज्य

द कश्मीर फाइल्स देखकर रांची में दर्शकों के चेहरे बता रहे हैं कश्मीर में हुई त्रासदी के बारे में

Admin Delhi 1
17 March 2022 1:19 PM GMT
द कश्मीर फाइल्स देखकर रांची में दर्शकों के चेहरे बता रहे हैं कश्मीर में हुई त्रासदी के बारे में
x

राजधानी रांची के अधिकतर सिनेमाघरों में इन दिनों द कश्मीर फाइल्स फिल्म दिखायी जा रही है। साथ ही यह फिल्म चर्चा का विषय भी बनी है। फिल्म देखने के बाद अधिकार लोगों के चेहरे पर मायूसी और दर्द साफ तौर पर देखा जा सकता है। यह फिल्म रांची के सुजाता, न्यूक्लियस मॉल, आइलैक्स सहित अन्य सिनेमा घरों में चल रही है। फिल्म देखने के बाद लोक गायक एवं गीतकार और पद्मश्री मुकुंद नायक ने गुरुवार को कहा कि जो कश्मीर की पीड़ा है, उसे लोगों को देखना चाहिए। सिर्फ भारत के लोगों को ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग समझदारी को बढ़ायें और समझदारी के साथ इस फिल्म को देखें। रांची के धुर्वा स्टेडियम के रहने वाले कलाकार मुकेश कुमार चंदेल ने कहा कि मैं एक्टर भी हूं। किसी भी सच्चाई को, वो भी 30 साल पुराने सच्चाई को ढ़ाई-तीन तीन घंटे में दिखा पाना बहुत ही टफ जोन था। विवेक अग्निहोत्री ने बखूबी काफी अच्छा काम किया। सच पूछिये ये बहुत पहले आना चाहिए था। यह फिल्म नहीं, बल्कि एक सच्चाई है। उन्होंने कहा कि यह वह सच्चाई है, जो कश्मीरी पंडितों पर बीती है, जो उन्होंने सहा है। इसका जिक्र कहीं नहीं है, न ही इतिहास में है और ना ही किताब में है।


रांची के पीवीआर सिनेमा हॉल में मूवी देखने के बाद जिला स्कूल के शिक्षक ओपी उपाध्याय ने कहा कि द कश्मीर फाइल में तीन दशकों से छुपाई गई सच्चाई को बेहद सटीकता से दिखाई गई है। इस पिक्चर में पूर्व में घटित घटनाओं से कोई छेड़छाड़ नहीं किया गया है। इस वजह से लोगों की भीड़ भी लगातार सिनेमाघरों में उमड़ रही है। ये पहली पिक्चर है जिसमें उन्होंने ज्यादातर महिलाओं को सिनेमाघरों से रोते हुए देखा है। बिरसा उच्च विद्यालय के गौतम कुमार शर्मा ने कहा कि मैं इतिहास का ज्ञान रखता हूं। बचपन से ही कश्मीरी हिन्दुओं के बारे में सुनते आ रहा हूं। द कश्मीर फाइल्स आने के बाद टीवी से लेकर सोशल मीडिया तक इस पिक्चर की चर्चा हो रही है। यह पिक्चर राष्ट्र की आवाज बन चुकी है। इसलिए मेरे अंदर इस पिक्चर को देखने की जिज्ञासा पैदा हुई। मूवी हकीकत को बयां कर रही है। बेहद रोमांचक और मार्मिक घटनाओं पर आधारित मूवी है, जिसका विरोध नहीं किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि द कश्मीर फाइल्स फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है। रांची के थियेटरों से जो भी लोग फिल्म देखकर निकल रहे हैं उनमें से अधिकतर लोगों के गले रुंधे हुए हैं। कई तो अपनी भावना भी नहीं बता रहे हैं। कई भावुक हो जा रहे हैं तो कइयों की आंखें नम हो जा रही हैं। निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स 1990 के दशक में कश्मीरी पंडितों के पलायन की घटना पर आधारित है।

Next Story