बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के गांव सौलधा में ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। हमलावर दो गाड़ियों में सवार होकर ढाबा पर आए थे। वारदात के बाद सभी हमलावर कार में सवार होकर भाग गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम आज सिविल अस्पताल में करवाया जाएगा। वारदात वीरवार रात करीब सवा 12 बजे की है। अब तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गांव सौलधा निवासी राजेश उर्फ राजे पुत्र मांगेराम ने 10-12 साल से ढाबा खोल रखा है। वीरवार रात वह ढाबे पर ही काम कर रहा था और उसका भतीजा पवन कुमार ढाबे के पीछे खेतों में पानी लगा रहा था। पवन कुमार ने बताया कि ढाबे पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वह भागकर ढाबे की तरफ आया तो तेजी से एक सफेद रंग की गाड़ी सौलधा गांव की तरफ तो दूसरी काले रंग की गाड़ी बादली की तरफ गई। ढाबा के अंदर जाकर देखा तो उसका चाचा राजेश काउंटर के पास खून से लथपथ पड़ा था और उसकी कमर में गोली लगी हुई थी। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।