राजस्थान

युवा कांग्रेस चुनाव: अगले महीने तक टली नई कार्यकारिणी

Admin Delhi 1
6 March 2023 2:42 PM GMT
युवा कांग्रेस चुनाव: अगले महीने तक टली नई कार्यकारिणी
x

जयपुर: राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया में 20 लाख से ज्यादा सदस्य बन गए हैं। अब सदस्यों की असली और नकली की पहचान करने के लिए स्क्रूटनी की जाएगी, उसके बाद अगले महीने अप्रैल में नया अध्यक्ष और कार्यकारिणी मिलने की संभावना है। युवा कांग्रेस में यह प्रक्रिया तकनीकी कारणों के नाम पर इतनी उलझ गई है कि नया अध्यक्ष मिलने के सही समय की जानकारी किसी के पास नहीं है। भारतीय युवा कांग्रेस चुनाव के चुनाव आयुक्त राजपाल बिष्ठ ने मीडियाकर्मियों को बताया कि राजस्थान में चुनाव प्रक्रिया 11 जनवरी से शुरू हुई। इसके बाद 28 जनवरी से तीन मार्च तक वोटिंग और मेंबरशिप प्रक्रिया हुई, जिसमें कुल 20 लाख 1546 नए सदस्य बनाए गए हैं। सभी पदों के लिए कुल 2300 आवेदनों में से छंटनी के बाद 1998 नामांकन सही पाए गए थे। इनमें 15 अध्यक्ष और 210 महामंत्री पद के उम्मीदवार शामिल हैं।

चूंकि मेंबरशिप का राजस्थान में इतिहास बना है, इसलिए चुनाव के लिए तय एप के जरिए सभी सदस्यों की स्कू्रटनी की जाएगी। इससे असली और नकली सदस्यों की पहचान की जा सके। भारतीय युवा कांग्रेस की तकनीकी टीम, पर्यवेक्षक और प्रभारी सदस्यों की स्क्रूटनी का काम पूरा करेंगे। इसमें मार्च का महीना लग सकता है।

संभवत: अप्रैल मध्य तक राजस्थान को नई टीम मिल सकती है। अप्रैल में समय सीमा पूछने पर बिष्ठ ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। गौरतलब है कि अध्यक्ष पद के लिए डले वोटों की गिनती के बाद दिल्ली में उम्मीदवारों के इंटरव्यू के जरिए अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

Next Story