राजस्थान

युवक की बदमाशों ने की धारदार हथियारों से हत्या

Admin4
15 Sep 2023 11:07 AM GMT
युवक की बदमाशों ने की धारदार हथियारों से हत्या
x
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जिले के जंक्शन सिटी थानाक्षेत्र में एक युवक के मर्डर से सनसनी फैल गयी। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश के चलते मर्डर होने की बात सामने आ रही है। मृतक की पहचान मक्कासर निवासी कुलदीप सहारण के रूप में हुई है। मृतक वन्य जीव प्रेमी था। जो काफी वर्षों से खेत में चारों तरफ लगी झटका तारों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा था। युवक का मर्डर उसी के खेत में किया गया है। जंक्शन पुलिस सीआई विष्णु खत्री अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया है। जिला मुख्यालय से सटे गांव मक्कासर के चक चार एसटीजी की रोही स्थित खेत में पानी लगाने गए युवक की गुरुवार रात्रि को अज्ञात जनों ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह खेत में खड़ी नरमा की फसल के बीच लहूलुहान हालत में युवक का शव मिलने पर वारदात का पता चला। सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं एफएसएल टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए।
जानकारी के अनुसार गांव मक्कासर निवासी कुलदीप सहारण (35) पुत्र रणवीर सहारण का खेत गांव के चक चार एसटीजी की रोही में है। गुरुवार रात्रि को पानी की बारी होने के कारण कुलदीप सहारण अकेला ही पानी लगाने गया था। पानी की बारी खत्म होने के बाद कुलदीप रात भर घर नहीं लौटा तो शुक्रवार सुबह परिजन खेत पहुंचे। कुलदीप सहारण को ढूंढने पर उसका शव नरमा की फसल के बीच रक्तरंजित हालत में मिला। शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से वार के निशान थे। वारदात की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारी लाल मीणा, पुलिस उप अधीक्षक अरविन्द बेरड़ और जंक्शन पुलिस थाना प्रभारी विष्णु खत्री पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए वारदात स्थल का मौका ​मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
एएसपी बनवारी लाल मीणा ने बताया कि एक चश्मदीद गवाह भी सामने आया है। जिसके अनुसार यह घटना रात के 9-10 बजे के आसपास हुई है। चश्मदीद ने जानकारी दी है कि चार-पांच अज्ञात जनों ने मारपीट कर कुलदीप सहारण की हत्या कर दी। एएसपी के अनुसार अभी तक हत्या का कारण सामने नहीं आया है। अभी मामले की जांच की जा रही है और सबूत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की हत्या की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक कुलदीप सहारण अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और शादीशुदा था। उसके एक पुत्र है। कुलदीप की बहन सवाई माधोपुर में सरकारी शिक्षक के रूप में कार्यरत है।
Next Story