राजस्थान

सात माह का बच्चा बेचने आई महिला गिरफ्तार

Admin Delhi 1
21 Jan 2023 1:46 PM GMT
सात माह का बच्चा बेचने आई महिला गिरफ्तार
x

उदयपुर: शहर के सवीना थाना क्षेत्र में सात माह का बच्चा बेचने आई महिला को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि इस बच्चे का उसने दिल्ली निवासी एक व्यक्ति से दो लाख रुपए में सौदा किया था। पांच दिन पूर्व भी वह एक महिला को दो लाख रुपए में बच्चा बेच चुकी है। गिरफ्तार महिला जरूरतमंदों को यह भी कहती थी कि अगर लड़की चाहिए तो भी मिल जाएगी। पुलिस को गुरुवार शाम को सूचना मिली थी कि एक महिला गोद में 6-7 माह का बच्चा लेकर खड़ी है। वह किसी का इंतजार कर रही है, ताकि इस बच्चे को बेच सके। पुलिस मौके पर पहुंची। उसने बताया कि यह बच्चा आज सुबह की झाड़ोल क्षेत्र के उंड़ा वेला चेचलिया निवासी रामलाल व उसकी पत्नी पायल उसे देने आए थे। बच्चा उसने 70 हजार रुपए में खरीदा था। यह बच्चा लेने के लिए मनोज तिवारी दिल्ली से आने वाला था।

मोबाइल में मिला बच्चे का फोटो: पुलिस ने आरोपी महिला राजकुमारी पत्नी प्रेम हरमोर मीणा निवासी ओड़ा फला कालीघाटी एकलिंगपुरा, थाना जावरमांइस का मोबाइल जब्त किया। इसकी जांच में बच्चे का फोटो दिल्ली के मनोज को भेजने की बात सामने आई। राजकुमारी ने बताया कि उसने पांच दिन पहले भी एक बच्चा उदयपुर निवासी सिमरन को बेचा था। यह बच्चा भी झाड़ोल क्षेत्र से ही लाया गया था। रात होने पर पुलिस ने आरोपी महिला को नारी निकेतन भेज दिया, जहां से शुक्रवार को लाकर गिरफ्तार किया गया। वहीं बरामद बच्चे को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर शिशुगृह में सौंपने की कार्रवाई की गई।

Next Story